गोपालगंज में डेढ़ साल की बच्ची से दुष्कर्म, इलाके में आक्रोश
खुशबू खातून
गोपालगंज (बिहार)।
बिहार के गोपालगंज जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र में घर के पास खेल रही लगभग डेढ़ साल की बच्ची को आरोपी युवक उठाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद परिजन बच्ची को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका उपचार किया गया। बच्ची की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में उसे डायल-112 पुलिस टीम के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। बच्ची के परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
बताया जा रहा है कि गोपालगंज जिले में बीते 24 घंटे के भीतर दुष्कर्म और गैंगरेप की यह दूसरी घटना है, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए ठोस कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने सरकार से मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय और सख्त सजा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
What's Your Reaction?

