कर्नल सोफिया कुरैशी बयान विवाद: एमपी सरकार से जवाब तलब
उफ़क साहिल
नई दिल्ली:
कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर मंत्री विजय शाह की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए साफ शब्दों में कहा कि अब केवल माफी से काम नहीं चलेगा। कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार से सीधा सवाल किया कि जब मामला गंभीर है तो अब तक मंत्री के खिलाफ आपराधिक मुकदमा क्यों दर्ज नहीं किया गया।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सुनवाई के दौरान कहा कि विशेष जांच दल (SIT) अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप चुका है और विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति भी मांगी जा चुकी है। इसके बावजूद राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है, जो चिंताजनक है।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी संकेत दिया कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों से जिम्मेदार भाषा और आचरण की अपेक्षा की जाती है। कोर्ट ने दो टूक कहा कि ऐसे बयानों से न केवल सेना के सम्मान को ठेस पहुंचती है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी जाता है।
अब इस मामले में अगली सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को यह बताना होगा कि कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है और कानून के तहत आगे क्या कदम उठाए जाएंगे।
What's Your Reaction?

