Painkillers In Summer: गर्मी का मौसम आते ही सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान जैसी छोटी-छोटी समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग बिना ज्यादा सोचे-समझे पेनकिलर लेना शुरू कर देते हैं। यह आदत भले ही तुरंत राहत दे, लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक तेज गर्मी में यही दवाएं किडनी के लिए खतरा बन सकती हैं, खासतौर पर तब जब शरीर पहले से डिहाइड्रेशन का शिकार हो।

आमतौर पर इस्तेमाल होने वाली पेनकिलर, जैसे Ibuprofen और Diclofenac, नॉन-स्टेरॉयडल एंटी-इंफ्लेमेटरी ड्रग्स (NSAIDs) की कैटेगरी में आती हैं। ये दर्द और सूजन को कम करने का काम करती हैं। लेकिन डॉक्टरों के अनुसार, ये दवाएं किडनी तक जाने वाले ब्लड फ्लो को कुछ हद तक कम कर देती हैं। सामान्य मौसम में शरीर इसे संभाल लेता है, लेकिन गर्मियों में जब शरीर पहले ही पानी की कमी से जूझ रहा होता है, तब इसका असर ज्यादा खतरनाक हो सकता है।

गर्मी में ज्यादा पसीना आने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इससे खून गाढ़ा होने लगता है और किडनी तक पर्याप्त ब्लड नहीं पहुंच पाता। ऐसे में अगर पेनकिलर ली जाए, तो यह ब्लड फ्लो को और कम कर सकती है। डॉक्टरों का कहना है कि यही स्थिति आगे चलकर Acute Kidney Injury जैसी गंभीर समस्या का कारण बन सकती है। खास बात यह है कि यह नुकसान धीरे-धीरे होता है और शुरुआती लक्षण भी साफ नजर नहीं आते।

हालांकि, हर व्यक्ति पर इसका असर एक जैसा नहीं होता, लेकिन कुछ लोगों में खतरा ज्यादा होता है। जैसे पहले से किडनी की बीमारी से जूझ रहे मरीज, डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर वाले लोग, दिल के मरीज और बुजुर्ग। इसके अलावा, अगर कोई व्यक्ति पहले से ब्लड प्रेशर की दवाएं ले रहा है और ऊपर से पेनकिलर भी लेता है, तो यह किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।

किडनी पर पड़ने वाला असर धीरे-धीरे बढ़ता है। शुरुआत में थकान, पेशाब कम होना और पैरों में सूजन जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कई बार लोग इसे सामान्य कमजोरी या गर्मी का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे समस्या और बढ़ सकती है।

डॉक्टरों के अनुसार, घर में पेनकिलर लेने से पहले सावधानी बहुत जरूरी है। शरीर को हमेशा हाइड्रेट रखें। डिहाइड्रेशन की स्थिति में पेनकिलर लेने से बचें। बिना जरूरत बार-बार दवा लेने की आदत न डालें। वहीं, कुछ मामलों में पैरासिटामोल अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इसका भी सीमित और सही मात्रा में ही इस्तेमाल करना चाहिए।

एक्सपर्ट्स का साफ कहना है कि पेनकिलर गलत नहीं हैं, लेकिन गर्मी में बिना सोचे-समझे इनका इस्तेमाल किडनी पर भारी पड़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि शरीर के संकेतों को समझें, पानी की कमी न होने दें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह जरूर लें।