जापान के ट्री फ्रॉग से मिली कैंसर की दवा, शक्तिशाली एंटी कैंसर दवा की खोज से विज्ञान जगत में उत्साह
जापान के वैज्ञानिकों ने ट्री फ्रॉग की त्वचा से कैंसर से लड़ने वाले प्राकृतिक तत्व खोजे हैं, जो कैंसर कोशिकाओं को निशाना बनाते हैं और स्वस्थ कोशिकाओं पर कम असर डालते हैं। यह शोध भविष्य की नई कैंसर थेरेपी की उम्मीद जगाता है।
शाइस्ता आज़मी
जापान के वैज्ञानिकों ने विज्ञान और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। शोध के दौरान जापान में पाए जाने वाले एक विशेष ट्री फ्रॉग (पेड़ों पर रहने वाला मेंढक) की त्वचा से ऐसे प्राकृतिक जैविक तत्व की पहचान की गई है, जिसमें कैंसर से लड़ने की जबरदस्त क्षमता पाई गई है। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस मेंढक की त्वचा से निकलने वाले बायोएक्टिव पेप्टाइड्स उसे बैक्टीरिया, वायरस और फंगस से बचाने का काम करते हैं, लेकिन प्रयोगशाला परीक्षणों में यह सामने आया कि यही तत्व मानव शरीर में कैंसर कोशिकाओं को निशाना बनाकर उनकी वृद्धि को रोक सकते हैं।
रिसर्च में पाया गया कि यह नया कंपाउंड कैंसर सेल्स को नष्ट करता है, जबकि सामान्य और स्वस्थ कोशिकाओं पर इसका प्रभाव काफी कम रहता है, जिससे इसके साइड इफेक्ट्स पारंपरिक कीमोथेरेपी की तुलना में कम होने की संभावना है। वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि यह तत्व शरीर की इम्यून सिस्टम को सक्रिय कर सकता है, जिससे शरीर खुद कैंसर से लड़ने में सक्षम बनता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह खोज भविष्य में टारगेटेड और नेचुरल कैंसर थेरेपी का रास्ता खोल सकती है। हालांकि फिलहाल यह शोध शुरुआती चरण में है और इसे दवा के रूप में बाजार में लाने से पहले जानवरों पर परीक्षण, मानव क्लिनिकल ट्रायल और सुरक्षा से जुड़े कई अध्ययन किए जाएंगे, जिसमें कई वर्ष लग सकते हैं। इसके बावजूद, इस खोज ने दुनियाभर के वैज्ञानिकों और डॉक्टरों के बीच नई उम्मीद जगा दी है। साथ ही यह शोध यह भी दर्शाता है कि प्रकृति और जैव विविधता में मानव रोगों के इलाज से जुड़े अनमोल रहस्य छिपे हैं, जिनका संरक्षण और अध्ययन भविष्य की चिकित्सा के लिए बेहद जरूरी है।
What's Your Reaction?

