1सानिया खातून:

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आयरन एक बेहद जरूरी पोषक तत्व है। यह शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, जो खून के जरिए ऑक्सीजन को शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाता है। महिलाओं में आयरन की कमी एक आम समस्या है, खासकर मासिक धर्म, गर्भावस्था या पोषण की कमी के कारण। अगर समय रहते इस कमी को पूरा न किया जाए, तो यह एनीमिया जैसी गंभीर समस्या का कारण बन सकती है।

 हर समय थकान और कमजोरी महसूस होना

अगर बिना ज्यादा काम किए भी थकान महसूस होती है और शरीर में ऊर्जा की कमी रहती है, तो यह आयरन की कमी का संकेत हो सकता है। आयरन कम होने पर शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती, जिससे कमजोरी महसूस होती है।

 त्वचा का पीला पड़ना

आयरन की कमी होने पर चेहरे और त्वचा की प्राकृतिक चमक कम होने लगती है। त्वचा पीली या बेजान नजर आने लगती है। यह शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी का संकेत हो सकता है।

 बार-बार चक्कर आना

अगर आपको अक्सर चक्कर आते हैं या सिर भारी लगता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। आयरन की कमी के कारण मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती, जिससे यह समस्या हो सकती है।

सांस फूलना

सीढ़ियां चढ़ते समय या थोड़ा चलने पर ही सांस फूलने लगे, तो यह भी आयरन की कमी का संकेत हो सकता है। शरीर में ऑक्सीजन की कमी होने पर दिल और फेफड़ों को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।

बाल झड़ना और नाखून कमजोर होना

आयरन की कमी का असर बालों और नाखूनों पर भी दिखाई देता है। बाल तेजी से झड़ने लगते हैं और नाखून कमजोर होकर आसानी से टूट सकते हैं।

अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण लगातार दिखाई दे रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेकर खून की जांच जरूर कराएं। आयरन की कमी को पूरा करने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, चुकंदर, अनार, खजूर, दालें और आयरन से भरपूर अन्य खाद्य पदार्थों को अपनी डाइट में शामिल करें।