ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) की दुनिया में Snap ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने नए Specs AR Glasses पेश कर दिए हैं। कंपनी ने इन्हें Augmented World Expo 2026 के दौरान लॉन्च किया। खास बात यह है कि ये Snap की नई स्मार्ट वियरेबल्स सीरीज का पहला कंज्यूमर-फोकस्ड प्रोडक्ट है। नए स्मार्ट ग्लासेस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) का ऐसा मेल देखने को मिलता है, जो यूजर्स को भविष्य की तकनीक का अनुभव देने का दावा करता है।
115-इंच वर्चुअल स्क्रीन जैसा अनुभव
Snap Specs AR Glasses दो अलग-अलग साइज में उपलब्ध होंगे। 47mm मॉडल का वजन 132 ग्राम है, जबकि 52mm मॉडल का वजन 136 ग्राम रखा गया है। जरूरत पड़ने पर यूजर्स इनमें प्रिस्क्रिप्शन लेंस भी लगवा सकते हैं। डिस्प्ले के लिए कंपनी ने Liquid Crystal on Silicon (LCoS) तकनीक का इस्तेमाल किया है। यह डिवाइस 51 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू और 16 मिलियन रंगों को सपोर्ट करता है। कंपनी का दावा है कि काम के दौरान इसका डिस्प्ले 24-इंच डेस्कटॉप मॉनिटर जैसा अनुभव देता है, जबकि वीडियो और मूवी देखते समय यह लगभग 115-इंच की वर्चुअल स्क्रीन जैसा महसूस होता है।
हैंड ट्रैकिंग और AI फीचर्स
नए AR ग्लासेस में दो Snapdragon प्रोसेसर दिए गए हैं, जो हैंड ट्रैकिंग और इंटरैक्टिव फीचर्स को सपोर्ट करते हैं। यूजर्स हाथों के इशारों से कई काम कर सकेंगे, जिससे डिवाइस को इस्तेमाल करना और भी आसान हो जाएगा। इसके अलावा इसमें AI-पावर्ड वॉइस असिस्टेंट भी दिया गया है, जो आसपास के माहौल को समझकर सवालों के जवाब दे सकता है। यूजर्स AR नेविगेशन, स्पेस मेजरमेंट और कंटेंट स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।
रोशनी के हिसाब से बदलेंगे लेंस
डिवाइस में Electrochromic Lenses दिए गए हैं, जो आसपास की रोशनी के अनुसार अपने टिंट को बदल सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, ये लेंस लगभग 10 सेकंड में एडजस्ट हो जाते हैं, जिससे अलग-अलग रोशनी की परिस्थितियों में देखने का अनुभव बेहतर बना रहता है। वहीं प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए कैमरा इस्तेमाल के दौरान LED रिकॉर्डिंग इंडिकेटर भी दिया गया है, ताकि आसपास मौजूद लोगों को पता चल सके कि कैमरा एक्टिव है।
लाखों में है कीमत
कीमत की बात करें तो Snap Specs AR Glasses की शुरुआती कीमत 2,195 डॉलर (करीब 2.07 लाख रुपये) रखी गई है। फिलहाल इसकी प्री-ऑर्डर बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती बिक्री अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस में की जाएगी। भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
