सीतामढ़ी में निशांत कुमार के स्वागत के दौरान JCB से फूलों की बारिश करते जदयू कार्यकर्ता | Source: Chrome

सीतामढ़ी में निशांत कुमार के स्वागत के दौरान JCB से फूलों की बारिश करते जदयू कार्यकर्ता।Source : Chrome

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के सीतामढ़ी पहुंचने पर जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। रुन्नीसैदपुर प्रखंड के कुर्ला और निषादपुर चौक पर बड़ी संख्या में समर्थक जुटे। इस दौरान JCB के जरिए निशांत कुमार पर फूल बरसाए गए और कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में नारे लगाए।निशांत कुमार के स्वागत के लिए जदयू विधायक पंकज मिश्रा, जदयू एमएलसी रेखा कुमारी और बिहार सरकार की पूर्व मंत्री रंजू गीता समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनके काफिले के पहुंचते ही समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कुर्ला से निषादपुर चौक तक दिखा उत्साह

निशांत कुमार के पहुंचने से पहले ही कुर्ला के पास बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता और समर्थक जमा हो गए थे। उनके स्वागत में JCB से पुष्पवर्षा की गई। इसके बाद निषादपुर चौक पर भी सड़क के दोनों तरफ JCB लगाकर फूल बरसाए गए।स्वागत कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने निशांत कुमार के पक्ष में नारे लगाए। कई कार्यकर्ताओं ने उन्हें बिहार की राजनीति का भविष्य भी बताया। उनके इस दौरे को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है।

पहली बार सीतामढ़ी पहुंचे निशांत कुमार

सीतामढ़ी पहुंचने के बाद निशांत कुमार ने जानकी की जन्मभूमि को नमन किया। उन्होंने कहा कि वह पहली बार सीतामढ़ी आए हैं और इस पावन धरती को नमन करते हैं।निशांत कुमार ने बताया कि वह स्वतंत्रता सेनानी और शहीद रामफल मंडल की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीतामढ़ी पहुंचे हैं।

स्वागत के सियासी मायने भी निकाले जा रहे

निशांत कुमार के दौरे के दौरान जदयू कार्यकर्ताओं की बड़ी मौजूदगी और भव्य स्वागत ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चा बढ़ा दी है। हालांकि, उनके सीतामढ़ी दौरे का मुख्य उद्देश्य शहीद रामफल मंडल की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होना बताया गया है।कार्यकर्ताओं की ओर से निशांत कुमार को बिहार का भविष्य बताए जाने के बाद इस स्वागत को लेकर राजनीतिक अटकलें भी तेज हो गई हैं।