पटना: बिहार की सियासत में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद उपजा असंतोष अब एक बड़े राजनीतिक भूचाल का रूप लेता नजर आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बीच बढ़ती दूरी के बीच महागठबंधन के सहयोगी दल इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी (IPP) के प्रमुख आईपी गुप्ता ने एक ऐसा बवाली बयान दे दिया है, जिसने पूरे राज्य के राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है।
"बीजेपी के साथ रहते निशांत का सपना कभी पूरा नहीं होगा"
आईपी गुप्ता ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर जेडीयू जो भी सपने देख रही है, वह बीजेपी के साथ रहकर कभी पूरे नहीं हो सकते। उन्होंने सीधा हमला बोलते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी को न तो दोस्त पसंद है और न ही दुश्मन, वह दोनों को खत्म करने की राजनीति करती है। अगर निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री कोई बना सकता है, तो वे सिर्फ और सिर्फ लालू प्रसाद यादव हैं।"
सम्राट चौधरी को दी 25-30 विधायक तोड़कर पाला बदलने की सलाह
सियासी हलचल को और तेज करते हुए आईपी गुप्ता ने उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी एक ऐसी सलाह दे डाली है, जिससे एनडीए खेमे में हड़कंप मच सकता है। आईपी गुप्ता ने कहा कि बीजेपी सम्राट चौधरी के साथ भीतरघात कर रही है और उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रही है। उन्होंने सम्राट चौधरी को खुला ऑफर देते हुए कहा कि उन्हें तुरंत 25 से 30 बीजेपी विधायकों को तोड़कर जेडीयू के पाले में आ जाना चाहिए और महागठबंधन के साथ मिलकर बिहार में एक नई सरकार का गठन करना चाहिए।
एमएलसी चुनाव के बाद से गहराया एनडीए में असंतोष
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधान परिषद चुनाव के बाद से ही जेडीयू और बीजेपी के बीच दरार खुलकर सामने आने लगी है। तिरहुत और सारण सीटों पर मिली हार के बाद जेडीयू के कई वरिष्ठ नेताओं, जिनमें अभिषेक झा और देवेश चंद्र ठाकुर शामिल हैं, ने बीजेपी नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाए थे। सारण शिक्षक सीट से हारे आनंद पुष्कर ने सीधे तौर पर बीजेपी के दिग्गज नेताओं पर छल का आरोप लगाया था।
'खेला होगा' के बयानों के बीच जेडीयू का सफाई भरा रुख
इससे पहले आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र ने भी जल्द ही बिहार में 'बड़ा खेला होने' की भविष्यवाणी की थी। हालांकि, इन तमाम अटकलों के बीच जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने स्थिति को संभालने की कोशिश करते हुए कहा है कि जेडीयू और बीजेपी पूरी तरह एकजुट हैं और एनडीए मजबूती के साथ काम कर रहा है। लेकिन आईपी गुप्ता के इस ताजा हमले के बाद माना जा रहा है कि बीजेपी और जेडीयू के बड़े नेता जल्द ही पलटवार कर सकते हैं।
