नई दिल्ली: देश के मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया इस समय अपने अंतिम चरण में है, लेकिन इस बीच एक ऐसी चौंकाने वाली खबर सामने आई है जिसने मेडिकल एजुकेशन सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET UG 2026) की काउंसलिंग के पांच राउंड और एक विशेष 'स्ट्रे वैकेंसी राउंड' (Special Stray Vacancy Round) आयोजित होने के बावजूद, पूरे देश में एमबीबीएस (MBBS) की 411 सीटें खाली रह गई हैं। हैरानी की बात यह है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार खाली रहने वाली सीटों की संख्या 6 गुना से ज्यादा है।
नीट काउंसलिंग के बाद भी सैकड़ों एमबीबीएस सीटें खाली. Source: The Indian Express
948 सीटों के लिए हुआ था स्पेशल स्ट्रे राउंड, फिर भी नहीं भरे कॉलेज
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) द्वारा खाली सीटों को भरने के लिए स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड चलाया गया था, जिसमें कुल 948 खाली एमबीबीएस सीटों को शामिल किया गया था। इनमें से केवल 537 सीटों पर ही उम्मीदवारों को अलॉटमेंट मिल सका, जबकि काउंसलिंग का अतिरिक्त मौका मिलने के बाद भी 411 सीटें पूरी तरह खाली ही रह गईं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल काउंसलिंग के अंत में केवल 60 से 70 एमबीबीएस सीटें ही खाली रही थीं, लेकिन इस बार यह आंकड़ा उछलकर 411 पहुंच गया है।
एक तरफ रिकॉर्ड सीटें बढ़ीं, दूसरी तरफ खाली रह गईं सीटें
एक तरफ नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने इस साल देश में 13,636 नई एमबीबीएस सीटें जोड़ी थीं, जिससे कुल सीटों का आंकड़ा 1.40 लाख से अधिक हो गया था। इनमें से 75% से अधिक नई सीटें प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों के खाते में गईं। लेकिन इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में सीटें खाली रहना यह दिखाता है कि छात्रों और अभिभावकों के सामने कुछ गंभीर व्यावहारिक समस्याएं आ रही हैं।
निजी मेडिकल कॉलेजों की आसमान छूती फीस बनी मुख्य वजह
विशेषज्ञों और अधिकारियों का मानना है कि एमबीबीएस सीटों के खाली रहने के पीछे सबसे बड़ा कारण निजी मेडिकल कॉलेजों में भारी-भरकम फीस है। कई निजी संस्थानों में जो मेडिकल कोर्स की फीस पहले करीब 15 लाख रुपये हुआ करती थी, वह बढ़कर अब 25 लाख से 30 लाख रुपये सालाना तक पहुंच गई है। इतनी महंगी फीस के कारण कई योग्य छात्र दाखिला लेने में असमर्थ रहे।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार सामान्य तौर पर काउंसलिंग के चार राउंड आयोजित किए जाते हैं, लेकिन छात्रों को राहत देने के लिए पांचवां विशेष राउंड भी चलाया गया था। इसके बावजूद सैकड़ों सीटें बिना आवंटन के खाली रह जाना चिकित्सा शिक्षा की अफोर्डेबिलिटी (वहन करने की क्षमता) पर बड़ा सवालिया निशान लगा रहा है। जिन छात्रों को सीटें अलॉट हुई हैं, उन्हें निर्धारित कॉलेजों में 16 नवंबर तक हर हाल में रिपोर्ट करना होगा।
