पटना। बिहार में मंगलवार को अपराध और पुलिस से जुड़ी कई घटनाओं ने हलचल मचा दी। मधुबनी जिले में एक पुलिस जवान पर घर में घुसकर ग्रामीणों पर गोली चलाने का आरोप लगा है। इस घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। वहीं कैमूर में छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया, जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग जिलों में हथियार और शराब तस्करी, मारपीट तथा भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई हुई है।
मधुबनी में पुलिस जवान की फायरिंग से दो लोगों की मौत
मधुबनी जिले के बाबूबरही क्षेत्र के बलिराजगढ़ में सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान कथित तौर पर एक घर में घुस गया। बताया जा रहा है कि घर में मौजूद बच्ची की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान जवान ने अंदर से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल महिला ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। दो अन्य लोग भी गोली लगने से घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
कैमूर में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर हमला
कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र के चंदोश मड़ई में सोमवार रात पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। पुलिस जुआ खेलने और शराब की बिक्री तथा सेवन की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। घटना में एक पीएसआई और तीन होमगार्ड जवान घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 27 लोगों को आरोपित बनाया है, जबकि 19 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पीएसआई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कोईलवर में 19 हजार कारतूस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
भोजपुर जिले में बिहार एसटीएफ ने अंतरराज्यीय हथियार और कारतूस तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विशेष टीम ने सोमवार को कोईलवर चेक पोस्ट के पास छापेमारी कर करीब 19 हजार कारतूस बरामद किए। मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
बिना नंबर की नई कार से 231 लीटर विदेशी शराब बरामद
पूर्णिया में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट की एक नई गाड़ी जब्त की है। वाहन अररिया की ओर से आ रहा था। टीम ने संदेह होने पर उसका पीछा किया। इस दौरान गाड़ी का अगला टायर पंचर हो गया, जिसके बाद जलालगढ़ बाजार के पास उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में 231.48 लीटर विदेशी शराब मिली। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति फरार हो गया। पुलिस तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
किशनगंज में शिक्षा विभाग की अधिकारी के ठिकानों पर छापेमारी
किशनगंज में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सर्व शिक्षा अभियान की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी के ठिकानों पर छापेमारी की। मंगलवार सुबह करीब सात बजे टीम ने एक साथ रूईधासा स्थित कार्यालय और लाइन मोहल्ला स्थित उनके किराए के मकान पर दबिश दी। अधिकारियों ने संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की है।
पश्चिम चंपारण में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर आरोप
पश्चिम चंपारण जिले के दिउलिया गांव में सोमवार देर शाम एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पति नशे के लिए पैसे मांगता था और मांग पूरी नहीं होने पर महिला के साथ मारपीट करता था। महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
अररिया में दो अलग-अलग मारपीट की घटनाएं
अररिया सदर प्रखंड के बांसबाड़ी गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जमुआ में भी विवाद के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें रानी देवी नामक महिला घायल हो गई। दोनों मामलों में घायलों का उपचार जारी है।
अनंत सिंह की विधायकी पर संकट, विधानसभा से नोटिस
मोकामा के विधायक अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। विधानसभा सचिवालय ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। जेडीयू की शिकायत के बाद उनसे पूछा गया है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में उनकी सदस्यता समाप्त क्यों नहीं की जाए। आरोप है कि अनंत सिंह ने एमएलसी चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करते हुए जन सुराज पार्टी के अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया था।
मैट्रिक और इंटर की सेंटअप परीक्षा का कार्यक्रम जारी
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा से पहले होने वाली सेंटअप परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इंटर की सेंटअप परीक्षा 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होगी, जबकि प्रायोगिक परीक्षा 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलेगी। वहीं मैट्रिक की सेंटअप परीक्षा 23 से 27 नवंबर तक होगी और प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षाएं दो पालियों में होंगी।
दीपावली-छठ पर हवाई किराये में भारी उछाल
दीपावली और छठ पर्व पर घर लौटने वाले बिहार के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु समेत कई शहरों से पटना आने वाली उड़ानों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में तीन से चार गुना तक महंगा हो गया है। यात्रियों की बढ़ती मांग के बीच रेलवे ने त्योहारों को देखते हुए कई विशेष ट्रेनों का परिचालन भी शुरू किया है।
लंदन में अभिनेता यश से मिले बिहार के पर्यटन मंत्री
बिहार के पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने लंदन प्रवास के दौरान दक्षिण भारतीय अभिनेता यश से मुलाकात की। उन्होंने अभिनेता को बिहार की ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासत और प्रमुख पर्यटन स्थलों से अवगत कराते हुए राज्य भ्रमण का निमंत्रण दिया। मंत्री ने उनकी आगामी फिल्म रामायण की सफलता के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना पर राजद ने सरकार को घेरा
बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को लेकर सियासत तेज हो गई है। राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस योजना को खत्म करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से आयकरदाताओं से मुफ्त बिजली योजना का लाभ छोड़ने की अपील को लेकर सरकार पर निशाना साधा। राजद ने इसे चुनावी घोषणाओं से पीछे हटने की कोशिश बताया है।
