प्रसव के बाद कई नई माताओं को ब्रेस्टमिल्क बनने में देरी या पर्याप्त मात्रा में दूध न आने की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे मौकों पर कई परिवारों में यह पुरानी परंपरा या धारणा देखी जाती है कि घर की कोई अन्य महिला, खासकर बच्चे की बुआ या चाची, नवजात शिशु को अपना दूध पिला सकती है। हालांकि, इस तरह का कदम नवजात की सेहत के लिए कितना सुरक्षित है और क्या इससे बच्चे को फायदा मिलता है या नुकसान, इसे लेकर गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. सोनिया गुप्ता ने एक वीडियो के जरिए अहम जानकारी साझा की है।
डॉक्टर के सामने आया मामला, बुआ ने बताई फीड कराने की वजह
डॉ. सोनिया गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया वीडियो में एक ऐसे ही वाकये का जिक्र किया, जहां एक महिला नवजात शिशु को स्तनपान करा रही थी। जब डॉक्टर ने महिला से पूछा कि वह नवजात को दूध क्यों पिला रही है, तो उसने बताया कि वह बच्चे की बुआ है और शिशु की मां को दूध नहीं आ रहा है। महिला का अपना बच्चा भी छोटा था, इसलिए उसने सोचा कि वह नवजात को फीड करा देगी। इस पर डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि नवजात शिशु को परिवार की किसी दूसरी महिला का दूध पिलाना सही नहीं है और इससे बच्चे को कई तरह के जोखिम हो सकते हैं।
हर बच्चे की उम्र और जरूरत के हिसाब से बदलता है दूध
विशेषज्ञ के अनुसार, किसी दूसरी महिला का दूध नवजात शिशु की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा नहीं कर पाता। मां का दूध बच्चे की उम्र और विकास के चरण के अनुरूप तैयार होता है। नवजात शिशु की मां के शुरुआती दूध में कोलोस्ट्रम और आवश्यक पोषक तत्व होते हैं, जो शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्युनिटी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके विपरीत, बड़े बच्चे (जैसे एक से दो साल के शिशु) के लिए बनने वाले दूध की संरचना और पोषक तत्वों का संतुलन नवजात की जरूरतों से अलग होता है।
संक्रमण के खतरे से बचें, फॉर्मूला मिल्क को लेकर क्या है सलाह
डॉक्टर ने बताया कि परिवार की किसी अन्य महिला से नवजात को दूध पिलाने से संक्रमण फैलने का खतरा भी रह सकता है। इसलिए ऐसी स्थिति में दूसरी महिला से स्तनपान कराने के बजाय सावधानी बरतनी चाहिए। यदि नई मां को दूध नहीं बन रहा है या कम आ रहा है, तो चिकित्सकीय परामर्श से शिशु को फॉर्मूला मिल्क दिया जा सकता है। साथ ही, नई मां को स्तनपान से जुड़ी किसी भी समस्या में सही मार्गदर्शन और समाधान के लिए डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
