नई दिल्ली। अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीरों के लिए छह साल की सेवा पूरी करना नियमित सैनिक बनने की गारंटी नहीं होगा। चार साल की शुरुआती सेवा के बाद दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पाने वाले अग्निवीरों को भी स्थायी सैनिक बनने के लिए कड़े चयन मानदंडों से गुजरना पड़ सकता है। इसमें शारीरिक दक्षता, फायरिंग कौशल, मेडिकल फिटनेस और अनुशासन को अहम आधार बनाया जा रहा है। यानी छह साल सेना में बिताने के बाद भी नियमित सैनिक बनने के लिए अग्निवीरों को अपनी योग्यता साबित करनी होगी।
दरअसल, केंद्र सरकार ने हाल ही में अग्निपथ योजना में बदलाव करते हुए चार साल की सेवा पूरी करने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का सेवा विस्तार देने की घोषणा की थी। यह व्यवस्था फिलहाल देश में सेवा दे रहे करीब 3.18 लाख अग्निवीरों के लिए बताई गई है। हालांकि, दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल मिलने का अर्थ यह नहीं है कि संबंधित अग्निवीर को स्थायी नौकरी मिल जाएगी।
तकनीकी रूप से दक्ष और मल्टी स्किल्ड अग्निवीरों को मिलेगी प्राथमिकता
रिपोर्ट के मुताबिक, छह साल की सेवा के बाद नियमित सैनिक बनने के इच्छुक अग्निवीरों के लिए चयन के कड़े मापदंड तैयार करने पर विचार चल रहा है। सेना में आधुनिक तकनीक, नए हथियारों और उन्नत रक्षा प्रणालियों का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में उन अग्निवीरों को प्राथमिकता मिल सकती है, जो एक से अधिक कार्यों में दक्ष हों और आधुनिक हथियारों तथा तकनीकी उपकरणों का संचालन अच्छी तरह जानते हों।
सैन्य अधिकारियों के स्तर पर इस बात पर मंथन किया जा रहा है कि नियमित सैनिकों की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए चयन प्रक्रिया को किस तरह अधिक प्रभावी बनाया जाए।
फिजिकल टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन और फायरिंग में फर्स्ट क्लास जरूरी
नियमित सैनिक बनने की दौड़ में शामिल अग्निवीरों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है। प्रस्तावित मानदंडों के अनुसार, दो साल का सेवा विस्तार लेने वाले अग्निवीरों को संयुक्त शारीरिक परीक्षा में उत्कृष्ट श्रेणी का प्रदर्शन करना पड़ सकता है। इसके साथ ही फायरिंग कौशल में कम से कम फर्स्ट क्लास शॉट स्तर हासिल करना जरूरी हो सकता है।
फायरिंग प्रदर्शन को मार्क्समैन, फर्स्ट शॉट और स्टैंडर्ड शॉट जैसी श्रेणियों में बांटा गया है। ऐसे में केवल सेना में निर्धारित समय तक सेवा करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि हथियार चलाने की दक्षता भी चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मेडिकल फिटनेस में कमी और अनुशासनहीनता बन सकती है बाधा
चयन प्रक्रिया में मेडिकल फिटनेस को भी प्रमुख आधार बनाने पर विचार किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, लो मेडिकल कैटेगरी (LMC) में आने वाले अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में चयन में परेशानी हो सकती है। इसके अलावा अनुशासनहीनता, शराब की लत और अन्य गंभीर अनुशासनात्मक मामलों को भी चयन के दौरान ध्यान में रखा जा सकता है।
हालांकि, लो मेडिकल कैटेगरी के सभी मामलों को एक समान मानना जरूरी नहीं होगा। इसमें युद्ध के दौरान लगी चोट, सैन्य सेवा के कारण उत्पन्न हुई शारीरिक समस्या और ऐसी चोट या बीमारी, जिसका सेना की सेवा से कोई संबंध नहीं है, जैसी अलग-अलग श्रेणियां शामिल हैं। चर्चा है कि युद्ध में घायल हुए या सैन्य सेवा के कारण मेडिकल श्रेणी में आए जवानों को कुछ विशेष छूट दी जा सकती है। लेकिन इस संबंध में अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
यूनिट स्तर पर लिखित परीक्षा और फायरिंग टेस्ट का भी प्रस्ताव
अग्निवीरों के अंतिम चयन के लिए यूनिट स्तर पर कैडर परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। इसमें लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण और फायरिंग टेस्ट शामिल किए जा सकते हैं। दो साल के अतिरिक्त सेवा कार्यकाल के अंत में इन सभी परीक्षाओं में प्रदर्शन के आधार पर मेरिट सूची तैयार करने की योजना पर विचार हो रहा है।
इस प्रक्रिया का उद्देश्य ऐसे जवानों का चयन करना है, जो शारीरिक रूप से फिट होने के साथ-साथ सैन्य कार्यों, हथियारों के संचालन और अनुशासन के मामले में भी निर्धारित मानकों पर खरे उतरें।
अग्निवीरों को देने होंगे चार विकल्प, उसी आधार पर तय होगा आगे का रास्ता
संशोधित व्यवस्था के तहत अग्निवीरों को एक नया प्रमाणपत्र जारी किए जाने की बात कही गई है। इसमें उनसे भविष्य की सेवा को लेकर चार विकल्प मांगे जाएंगे।
पहले विकल्प में अग्निवीर नियमित सैनिक कैडर में शामिल होने की इच्छा जाहिर कर सकेंगे। दूसरे विकल्प में वे नियमित सैनिक बनना चाहेंगे, लेकिन मेरिट सूची में चयन नहीं होने की स्थिति में दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार भी स्वीकार करेंगे। तीसरे विकल्प में केवल दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार लेने की सहमति दे सकेंगे। वहीं चौथे विकल्प में वे सेना में आगे सेवा जारी नहीं रखने का निर्णय चुन सकेंगे।
फिलहाल चयन के अंतिम मानदंडों पर तीनों सेनाओं के शीर्ष संगठन मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ (HQ IDS) के स्तर पर विचार-विमर्श जारी है। ऐसे में अग्निवीरों के लिए छह साल की सेवा के बाद नियमित सैनिक बनने की राह कितनी कठिन होगी, यह अंतिम दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
