श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हमले में शामिल बताए जा रहे आतंकवादी लतीफ भट को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय लतीफ भट ने सुरक्षाबलों की ओर से आत्मसमर्पण का मौका दिए जाने के बावजूद हथियार डालने से इनकार कर दिया था। इससे पहले सुरक्षाबल उमर निसार डार को भी मार गिरा चुके हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लतीफ भट कुलगाम जिले के ख्रेबान गांव का रहने वाला था। वह वर्ष 2025 से लापता था और उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। उसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा आतंकवादी बताया जा रहा है। हालांकि, घाटी में संगठन का आखिरी कमांडर होने के दावे पर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

मस्जिद में छिपा था आतंकवादी, सुरक्षाबलों ने दिया आत्मसमर्पण का मौका

अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में सुरक्षाबलों ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकवादी के मौजूद होने की जानकारी मिलने पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। सुबह की नमाज के लिए मस्जिदों में अजान होने से कुछ समय पहले मुठभेड़ शुरू हो गई।

बताया गया कि घेराबंदी के दौरान सुरक्षाबलों ने लतीफ भट को आत्मसमर्पण करने का अवसर दिया। जवानों की ओर से उसे हथियार डालने के लिए समझाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने अभियान तेज कर दिया।

आंसू गैस के गोले छोड़कर मस्जिद से बाहर निकाला

रिपोर्ट्स के अनुसार, आत्मसमर्पण से इनकार करने के बाद आतंकवादी को मस्जिद से बाहर निकालने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया। इसके बाद हुई कार्रवाई में लतीफ भट मारा गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को भी इलाके में मुठभेड़ हुई थी, लेकिन उस दौरान वह सुरक्षाबलों को चकमा देकर निकलने में सफल रहा था। बुधवार को दोबारा घेराबंदी के बाद वह बच नहीं सका।

11 नवंबर को CRPF कैंप पर हमले में शामिल होने का आरोप

लतीफ भट पर 11 नवंबर को सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप था। इस हमले में सीआरपीएफ के जवान घायल हुए थे। घटना के बाद से ही पुलिस और सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे थे। खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

मुठभेड़ के बाद CRPF महानिदेशक की प्रतिक्रिया चर्चा में

लतीफ भट के मारे जाने की खबर सामने आने के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की ओर से भी प्रतिक्रिया दी गई। सीआरपीएफ महानिदेशक जीपी सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'शुभकामनाएं। कुछ चीजें ठंडा करके खाने में ही मजा आता है। ठंडे मौसम में भी।'

उनकी इस टिप्पणी को हालिया हमले के बाद सुरक्षाबलों की कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। कुलगाम में हुई इस मुठभेड़ के बाद दक्षिण कश्मीर में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।