टी-20 वर्ल्ड कप: भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया, सीधा सुपर-8 में पहुंची भारत
सालेहा वसीम
टी-20 वर्ल्ड कप के 27वें मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन के बड़े अंतर से मात देकर सुपर-8 में जगह पक्की कर ली। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में हुए इस मैच में भारत द्वारा दिए गए 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ही सिमट गई।
भारत की तरफ से गेंदबाजी शानदार रही। हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट झटके। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 44 रन बनाकर सर्वाधिक स्कोर किया, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे।
इससे पहले भारत ने अपनी पारी में 175 रन बनाए थे। ओपनर ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन की आक्रामक पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी ने शुरुआत से ही पाकिस्तान को दबाव में ला दिया। ईशान किशन को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने तीन विकेट लिए।
मैच के दौरान एक दिलचस्प पल भी देखने को मिला जब सईम अयूब हैट्रिक के करीब पहुँचे, लेकिन शिवम दुबे ने 15वें ओवर की चौथी गेंद पर डिफेंस करते हुए उनकी हैट्रिक पूरी नहीं होने दी।
भारतीय पारी के अंतिम ओवरों में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने वापसी की कोशिश की। स्पिनर उस्मान तारिक ने 24 रन देकर सूर्यकुमार यादव का विकेट लिया। सूर्यकुमार ने 32 रन का योगदान दिया।
भारत ने इस मैच में अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए थे। संजू सैमसन की जगह अभिषेक शर्मा को मौका मिला, लेकिन वह बिना खाता खोले आउट हो गए।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी शुरुआत से ही लड़खड़ाती रही। पहले ओवर में साहिबज़ादा फ़रहान के आउट होने के बाद अगले ही ओवर में सईम अयूब और सलमान आगा भी पवेलियन लौट गए।
पांचवें ओवर में अक्षर पटेल ने कप्तान बाबर आजम को बोल्ड कर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया। उसके बाद 10.4 ओवर में ही पाकिस्तान ने 73 रन पर पाँच विकेट खो दिए थे।
16वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने लगातार दो गेंदों पर फहीम और अबरार अहमद को आउट कर भारतीय जीत को लगभग तय कर दिया।
अंत में 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक पंड्या ने उस्मान तारिक का विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी को समाप्त कर दिया।
इस जीत के साथ टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड और मजबूत हो गया। दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मुकाबले हुए हैं जिनमें भारत ने 8 बार जीत दर्ज की है। पाकिस्तान केवल 2021 में एक बार जीत पाया था।
What's Your Reaction?

