गर्मियों में तरबूज को सबसे पसंदीदा फलों में गिना जाता है। शरीर को ठंडक पहुंचाने और पानी की कमी दूर करने में यह काफी फायदेमंद माना जाता है। लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, तरबूज खाने के बाद कुछ गलत चीजों का सेवन करने से पेट और पाचन से जुड़ी गंभीर परेशानियां हो सकती हैं।
हाल ही में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक मामला सामने आया, जहां एक ही परिवार के 11 लोगों की तबीयत अचानक खराब हो गई। जानकारी के मुताबिक, परिवार ने पहले तरबूज खाया और उसके बाद मैगी खाई थी। कुछ समय बाद लोगों को उल्टी, दस्त और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याएं होने लगीं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि परेशानी सिर्फ तरबूज की वजह से हुई या किसी अन्य कारण से, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि गर्मियों में कटे हुए फल, लंबे समय तक बाहर रखा खाना या खराब तरीके से स्टोर किया गया भोजन फूड इंफेक्शन का कारण बन सकता है।
डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट गर्मियों में तरबूज खाने की सलाह देते हैं, क्योंकि इसमें लगभग 90 प्रतिशत पानी होता है। इसके अलावा इसमें विटामिन A, विटामिन C, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर को हाइड्रेट और स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। हालांकि, आयुर्वेद और स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, तरबूज खाने के तुरंत बाद कुछ चीजों का सेवन पाचन तंत्र पर बुरा असर डाल सकता है।
तरबूज खाने के बाद किन चीजों से बचना चाहिए?
दूध और डेयरी उत्पाद
तरबूज खाने के तुरंत बाद दूध, दही या अन्य डेयरी उत्पादों का सेवन नहीं करना चाहिए। तरबूज में पानी की मात्रा अधिक होती है, जबकि दूध को भारी माना जाता है। दोनों को साथ लेने से पाचन खराब हो सकता है और पेट दर्द, गैस या अपच की समस्या हो सकती है।
तला-भुना और मसालेदार खाना
तरबूज खाने के तुरंत बाद समोसा, पकौड़े या ज्यादा मसालेदार चीजें खाने से पेट भारी महसूस हो सकता है। इससे एसिडिटी और अपच की परेशानी बढ़ सकती है।
खट्टे फल
तरबूज के बाद संतरा, मौसंबी या नींबू जैसी खट्टी चीजें खाने से पेट में जलन और गैस की शिकायत हो सकती है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, यह संयोजन पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकता है।
तुरंत पानी पीना
तरबूज में पहले से ही काफी पानी मौजूद होता है। ऐसे में इसे खाने के तुरंत बाद अधिक पानी पीने से पेट फूलना और पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि तरबूज खाने के कम से कम 30 मिनट बाद पानी पीना चाहिए।
शराब का सेवन
तरबूज खाने के बाद शराब पीना भी नुकसानदायक माना जाता है। इससे लिवर पर दबाव बढ़ सकता है और शरीर में शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है। गर्मियों में यह शरीर को डिहाइड्रेट भी कर सकता है।
तरबूज खाने का सही तरीका
तरबूज हमेशा ताजा और कटने के तुरंत बाद खाना चाहिए।
इसे दिन के समय या खाली पेट खाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
रात में ज्यादा मात्रा में तरबूज खाने से बार-बार पेशाब आने और पेट भारी होने की समस्या हो सकती है।
Disclaimer
यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य सलाह और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या एलर्जी की स्थिति में डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
