Early Signs Of Vitamin D Deficiency: विटामिन डी की कमी अचानक सामने नहीं आती, बल्कि इसका असर धीरे-धीरे शरीर पर दिखाई देने लगता है. शुरुआत में हल्की थकान, मूड खराब रहना और शरीर में भारीपन महसूस होना जैसे लक्षण नजर आते हैं. ज्यादातर लोग इन्हें सामान्य थकान या तनाव समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन कई बार यही संकेत शरीर में पोषण की कमी की ओर इशारा करते हैं.

फंक्शनल न्यूट्रिशनिस्ट और iThrive की फाउंडर मुग्धा प्रधान ने TOI से बातचीत में बताया कि विटामिन डी सिर्फ एक सामान्य विटामिन नहीं, बल्कि शरीर में हार्मोन की तरह काम करता है. इसकी कमी होने पर शरीर शुरुआत में हल्के संकेत देता है, जो समय के साथ ज्यादा स्पष्ट हो सकते हैं.

लगातार थकान हो सकती है संकेत

अगर पर्याप्त आराम और नींद लेने के बाद भी शरीर में ऊर्जा महसूस न हो, तो यह विटामिन डी की कमी का संकेत हो सकता है. एक्सपर्ट्स के अनुसार, कम विटामिन डी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता और सेल्स में एनर्जी बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करता है. इसी वजह से व्यक्ति हर समय थका हुआ महसूस कर सकता है.

बार-बार बीमार पड़ना भी चेतावनी

छोटी-छोटी बीमारियां जल्दी-जल्दी होना और उनसे ठीक होने में ज्यादा समय लगना भी इस कमी की तरफ इशारा कर सकता है. विटामिन डी शरीर की इम्यूनिटी को संतुलित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है. इसकी कमी होने पर शरीर संक्रमण से लड़ने में कमजोर पड़ सकता है.

मूड में बदलाव भी हो सकता है कारण

बिना किसी खास वजह के उदासी, चिड़चिड़ापन या ध्यान केंद्रित करने में परेशानी भी विटामिन डी की कमी से जुड़ी हो सकती है. यह दिमाग में उन केमिकल्स को प्रभावित करता है, जो मूड को नियंत्रित करते हैं. यही वजह है कि धूप में समय बिताने से मानसिक स्थिति बेहतर महसूस हो सकती है.

शरीर में दर्द और कमजोरी

मांसपेशियों में दर्द, कमर में जकड़न या शरीर में कमजोरी जैसे लक्षण भी नजर आ सकते हैं. अक्सर लोग इन्हें सामान्य कमजोरी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लंबे समय तक यह समस्या हड्डियों की सेहत को भी प्रभावित कर सकती है.

लाइफस्टाइल भी बन रही वजह

आजकल लंबे समय तक घर या ऑफिस के अंदर रहना, धूप कम लेना और संतुलित आहार की कमी विटामिन डी की कमी के बड़े कारण बन रहे हैं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर लगातार थकान, मूड में बदलाव और शरीर दर्द जैसी समस्याएं महसूस हों, तो जांच करवाना बेहतर होता है.

कैसे करें बचाव?

रोजाना कुछ समय धूप में बिताना, खासकर सुबह या शाम के समय, शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है. इसके अलावा डाइट में पोषक तत्वों से भरपूर चीजें शामिल करनी चाहिए. हालांकि, किसी भी तरह का सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.