ere | Source: ereमैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में करीब 11 महीने पहले हुई 17 वर्षीय किशोरी की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हत्याकांड के पीछे कोई अनजान व्यक्ति नहीं, बल्कि उसकी सगी बड़ी बहन का प्रेमी निकला। किशोरी ने एक रात दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। प्रेम संबंध का राज खुलने के डर से आरोपी ने अगले ही दिन जंगल में किशोरी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

भैंस चराने गई किशोरी आठ दिन बाद जंगल में मिली थी

मामला मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र के पपरा पहाड़ जंगल का है। पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को किशोरी अपने घर से भैंस चराने जंगल गई थी। उस दिन उसके माता-पिता इलाज कराने मुकुंदपुर अस्पताल गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर बेटी नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 18 जनवरी को पिता ने ताला थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

काफी तलाश के बाद 25 जनवरी 2026 को पपरा पहाड़ के घने जंगल में किशोरी का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटनास्थल पर खून से सने पत्थर भी मिले थे। पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में सिर की हड्डी टूटने और किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बहन और उसके प्रेमी को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था

जांच के दौरान पुलिस और साइबर सेल ने परिजनों के कॉल रिकॉर्ड सहित तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की। इसी दौरान सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ग्राम बेलकशरी निवासी 21 वर्षीय शीतल केवट की भूमिका संदिग्ध नजर आई। पुलिस ने 2 नवंबर 2026 को उसे पूछताछ के लिए बुलाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के मुताबिक, शीतल केवट का किशोरी की बड़ी बहन के साथ प्रेम संबंध था। 16 जनवरी की रात वह अपनी प्रेमिका से मिलने कंदेहली स्थित उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान किशोरी ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। आरोपी को डर था कि सुबह होते ही किशोरी यह बात अपने माता-पिता को बता देगी और उसका प्रेम संबंध उजागर हो जाएगा। इसी डर में उसने किशोरी को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

जंगल में पीछा कर किशोरी पर किया जानलेवा हमला

पुलिस के अनुसार, अगले दिन 17 जनवरी को जब किशोरी पपरा पहाड़ के जंगल में अकेले मवेशी चरा रही थी, तभी आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। उसने किशोरी पर इस घटना की जानकारी परिवार को नहीं देने का दबाव बनाया। लेकिन जब किशोरी ने उसकी बात मानने से इनकार किया और परिजनों को सब कुछ बताने की बात कही, तो आरोपी ने उस पर हमला कर दिया।

आरोप है कि शीतल ने किशोरी के बाल पकड़कर उसे पथरीली जमीन पर पटक दिया। इसके बाद वहां पड़े भारी पत्थर से उसके सिर पर लगातार कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खून से सना पत्थर तेंदू के पेड़ के पास छिपा दिया और सामान्य व्यवहार करते हुए पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

हत्या में इस्तेमाल पत्थर और मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया भारी पत्थर बरामद किया है। इसके अलावा 'पीस' कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी शीतल केवट को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। करीब 11 महीने तक अनसुलझे रहे इस हत्याकांड का खुलासा होने के बाद रिश्तों के पीछे छिपी इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।