ere | Source: ereसाहेबगंज। झारखंड के साहेबगंज जिले से प्रेम संबंध का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां दो बच्चों की मां को पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम हो गया। पत्नी की इस मोहब्बत को देखकर पति ने आखिरकार ऐसा फैसला लिया, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। उसने खुद अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी और 10 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते को खत्म करने का निर्णय लिया।

10 साल पहले हुई थी अशोक और पूनम की शादी

यह पूरा मामला साहेबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के महादेव वबरन गांव का है। जानकारी के मुताबिक, अशोक मोहाली की शादी करीब 10 साल पहले बिहार के बांका जिले के लकड़ी कोला गांव की रहने वाली पूनम देवी से हुई थी। दोनों के वैवाहिक जीवन से दो बेटे कन्हाई मोहाली (9 वर्ष) और जिगर मोहाली (7 वर्ष) हैं।

पड़ोस में रहने वाले करण से बढ़ीं नजदीकियां

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान पूनम देवी की नजदीकियां पड़ोस में रहने वाले करण मोहाली से बढ़ गईं। दोनों के बीच प्रेम संबंध की जानकारी पति अशोक को भी हो गई थी। खबरों के मुताबिक, अशोक ने कई बार दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। इस मामले को लेकर पहले पंचायत और फिर थाने तक बात पहुंची थी। उस दौरान पूनम ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया था।

पति को छोड़ प्रेमी के साथ रहने का लिया फैसला

हालांकि, कुछ समय बाद पूनम ने पति के साथ रहने के बजाय अपने प्रेमी करण के साथ विवाह करने का निर्णय ले लिया। उसने अलग होने के लिए कोर्ट के स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर भी कर दिए। इसके बाद गांव के लोगों की मौजूदगी में अशोक मोहाली ने पत्नी की शादी करण से कराने का फैसला किया।

पति ने खुद प्रेमी से भरवाया पत्नी की मांग में सिंदूर

गांव में सामाजिक तौर पर हुई इस शादी के दौरान करण मोहाली ने पूनम देवी की मांग में सिंदूर भरा। इस तरह अशोक ने खुद अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा करने का फैसला किया। करीब 10 साल तक साथ रहे इस दंपती का रास्ता अब अलग हो गया है। हालांकि, दोनों बच्चों की आगे की देखभाल और उनके भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।