
CM सम्राट चौधरी को इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए मिली जान से मारने की धमकी।Source : Social media
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर एक युवक ने मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मामला सामने आते ही साइबर थाना पुलिस हरकत में आ गई और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी पहचान करने में जुट गई है।
इंस्टाग्राम वीडियो से सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो में एक व्यक्ति मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धमकी देता दिखाई दिया। वीडियो में उसने न सिर्फ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु लेकर आपत्तिजनक बातें भी कही। वीडियो में एक जाति का नाम लेकर भी अशोभनीय टिप्पणी की गई थी।
साइबर थाने में दर्ज हुआ मामला
मामला सामने आने के बाद साइबर थाना के एएसआई संभव शर्मा की शिकायत पर 29 जून को एफआईआर दर्ज की गई। डीएसपी और साइबर थाना प्रभारी नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि पुलिस वीडियो और इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी सहायता ली जा रही है और जल्द उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली हो। इससे पहले भी एक युवक ने गुजरात से फोन कर उन्हें धमकी दी थी। उस मामले में बिहार पुलिस ने गुजरात जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था।
धमकी देने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ सार्वजनिक मंच पर धमकी देना और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
