मोतिहारी

मोतिहारी

पटना/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के विकास को लेकर राज्य सरकार ने मंगलवार को कई बड़ी घोषणाएं कीं। मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित बापूधाम महोत्सव का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने जिले के लिए करीब 285 करोड़ रुपये की 145 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सबसे अहम घोषणा करते हुए कहा कि मोतिहारी की बंद चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा।

मोतिहारी के विकास के लिए घोषित योजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, खेल, मत्स्य पालन, उद्योग, कला-संस्कृति और सड़क जैसी कई परियोजनाएं शामिल हैं। बरियारपुर में मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की गई है। वहीं मोतिहारी में तारामंडल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। पीपराकोठी में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय को अब आम लोगों की मांग के बाद बरियारपुर में स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

नेहरू स्टेडियम में वर्तमान में संचालित केंद्रीय विद्यालय के स्थान पर इंडोर स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई। इसके अलावा मत्स्य समृद्धि क्लस्टर और फिश प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण जल्द शुरू होगा। तेतरिया प्रखंड के कोठिया में एक्वाकल्चर पार्क और मोतिहारी में मौजूदा मदर डेयरी से भी बड़ा नया मदर डेयरी स्थापित करने की योजना बताई गई। कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अटल कला भवन बनाया जाएगा।


मोतीझील के किनारे बनेगा मरीन ड्राइव

शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मोतीझील के किनारे रोईंग क्लब से पावर हाउस, चीनी मिल, शिव मंदिर, अनाथ आश्रम होते हुए चिकनीघाट-अगरवा तक सड़क और नाला निर्माण कराया जाएगा। इसे ‘मरीन ड्राइव’ के रूप में विकसित करने की योजना है।

इसके अलावा मोतिहारी-तुरकौलिया-गोविंदगंज पथ में रघुनाथपुर पुल से बालगंगा तक 3.2 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण होगा। पीपरा एनएच-27 से राजपुर चौक, भाया कल्याणपुर, 17 किलोमीटर सड़क को भी चौड़ा और मजबूत किया जाएगा। शीतलपुर से रमडीहा, भाया नवस्थापित/निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कराया जाएगा। अरेराज मंदिर तक जाने वाली प्रमुख सड़कों को भी चौड़ा और मजबूत करने की घोषणा की गई।


एयरपोर्ट और हेलीकॉप्टर सेवा का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर और रक्सौल में एयरपोर्ट बनने जा रहे हैं। रक्सौल में जमीन अधिग्रहण पूरा होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि मोतिहारी को हेलीकॉप्टर सेवा से भी जोड़ा जाएगा। चिरैया में एथलेटिक्स ट्रैक, लक्ष्मी नारायण दूबे कॉलेज के जीर्णोद्धार और मुंशी सिंह महाविद्यालय में खेल संरचना विकसित करने की योजनाओं का भी उल्लेख किया गया हैं।


सहयोग शिविर में 30 दिन में आवेदन निपटाने का निर्देश

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने गांधी मैदान में लगे सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। राजस्व एवं भूमि सुधार, समाज कल्याण और ग्रामीण विकास समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

मुख्यमंत्री के अनुसार सहयोग कार्यक्रम के तहत अब तक करीब 7 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 96 प्रतिशत से अधिक का निष्पादन किया जा चुका है। इस दौरान अभियान बसेरा के तहत पात्र लाभुकों को सरकारी भूमि का बासगीत पर्चा और मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल दी गई। वहीं 9,214 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के जरिए 211 करोड़ रुपये की सांकेतिक राशि जीविका दीदियों को प्रदान की गई।


राशन कार्ड से रोजगार तक कई दावे

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एक करोड़ पात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य है और पिछले दो महीनों में ही 35 लाख लोगों को राशन कार्ड दिए गए हैं। उन्होंने वर्ष 2030 के चुनाव से पहले उद्योगों को बढ़ावा देने और सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अवसर सृजित कर एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात कही गई।

उन्होंने बताया कि बिहार में खेती के लिए सिंचित क्षेत्र वर्ष 2005 के करीब 21 लाख हेक्टेयर से बढ़कर अब करीब 44 लाख हेक्टेयर हो गया है। बाढ़ की स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गंडक, कोसी, बागमती और गंगा के जलस्तर में वृद्धि के बीच सरकार बाढ़ एवं जल प्रबंधन पर लगातार काम कर रही है।


छात्राओं और महिलाओं के लिए भी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में पीएचडी करने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 4,600 है। छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के लिए पीएचडी छात्राओं को चार वर्षों तक हर महीने 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल शुरू किए गए हैं, जहां ऑनलाइन शिक्षकों की सुविधा के साथ जेईई और नीट की तैयारी की व्यवस्था भी की जा रही है। साथ ही 15 जुलाई 2026 को एक साथ 211 डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू कराने की बात कही गई हैं।

महिला रोजगार के मोर्चे पर मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की बात कही। पशु सखी के रूप में जीविका दीदियों को गाय-बकरी पालन से जोड़ने और स्टार्टअप के माध्यम से महिलाओं को दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने की योजना का भी उल्लेख किया गया है।


बिहार में NSD कैंपस को केंद्र की मंजूरी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के नए कैंपस की स्थापना को केंद्र सरकार की सहमति मिलने की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति आभार जताया। राज्य सरकार NSD के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराएगी और भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करेगी। इससे बिहार के युवा कलाकारों को राज्य में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेजक्राफ्ट और उन्नत शोध के अवसर मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने बापूधाम महोत्सव को चंपारण की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने रखने का माध्यम बताया। महोत्सव 3 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और सांसद राधा मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आम लोगों की मौजूदगी रही।