नवीदुल हसन

हैदराबाद: पुराना पुल इलाके में तनाव, भीड़ और पुलिस में झड़प, हालात काबू में

हैदराबाद के पुराने शहर के पुराना पुल इलाके में गुरुवार तड़के अचानक तनाव की स्थिति बन गई। एक धार्मिक स्थल के अपमान की अफवाह फैलने के बाद लोगों की भीड़ सड़कों पर उतर आई और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि नारेबाजी कर रही भीड़ ने पुलिस पर पत्थर फेंके, जिससे हालात बिगड़ गए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान उपद्रवियों ने एक मोटरसाइकिल में आग भी लगा दी।

यह घटना रात करीब 1 बजे की है। जैसे ही अफवाह फैली, आसपास के इलाकों से लोग जमा होने लगे। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर हमला करने लगी। इसके बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। यह पूरा मामला चारमीनार जोन के कामाटीपुरा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि इलाके पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।