22 अप्रैल से खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, श्रद्धालुओं में उत्साह

Feb 15, 2026 - 13:00
 0
22 अप्रैल से खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, श्रद्धालुओं में उत्साह

खुशबू खातून 

उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल केदारनाथ धाम से जुड़े श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। इस वर्ष बाबा केदारनाथ के कपाट आगामी 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार कपाट खुलने की तिथि घोषित की गई।

मंदिर समिति द्वारा जानकारी दी गई कि कपाट खोलने से पूर्व शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद बाबा केदार की चल उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास स्थल से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी।

18 अप्रैल को भैरवनाथ भगवान की पूजा होगी।

19 अप्रैल को बाबा केदारनाथ की चल उत्सव डोली ऊखीमठ से फाटा के लिए रवाना होगी।

20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड पहुंचेगी और वहीं रात्रि विश्राम करेगी।

21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी।

इसके पश्चात 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

कपाट खुलने की घोषणा के बाद देश-विदेश के शिव भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु चारधाम यात्रा की तैयारी में जुट गए हैं। प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

गौरतलब है कि हर वर्ष शीतकाल में भारी बर्फबारी के कारण केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं और बाबा केदारनाथ की पूजा ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में होती है। ग्रीष्मकाल की शुरुआत के साथ ही कपाट पुनः खोले जाते हैं और श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर मिलता है।

इस वर्ष भी कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow