चिकन और मटन का अचार आजकल लोगों की पसंदीदा चीजों में शामिल हो चुका है। मसालों से भरपूर यह अचार खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है। लेकिन इसे लेकर लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही रहता है कि आखिर यह कितने दिनों तक सुरक्षित रहता है और कब तक इसे बिना डर खाया जा सकता है। अगर आपके मन में भी यही सवाल है, तो अब इसका जवाब जान लेना चाहिए।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, चिकन या मटन का अचार सही तरीके से बनाया और स्टोर किया जाए, तो यह करीब 15 दिन से लेकर 3 महीने तक सुरक्षित रह सकता है। इसकी अवधि इस बात पर निर्भर करती है कि अचार को कैसे तैयार किया गया है और किस तरह रखा जा रहा है। अगर साफ-सफाई और स्टोरेज में थोड़ी भी लापरवाही हुई, तो अचार जल्दी खराब हो सकता है।
इन चीजों की होती है अहम भूमिका
दरअसल, मांसाहारी अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में तेल, नमक और मसालों की बड़ी भूमिका होती है। तिल का तेल, सरसों का तेल, हल्दी, लहसुन, अदरक और लाल मिर्च जैसे मसाले प्राकृतिक रूप से अचार को खराब होने से बचाने में मदद करते हैं। कई जगहों पर इसमें नींबू, इमली या सिरके का भी इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और टिकाऊपन दोनों बढ़ जाते हैं।
पानी का रखना होता है ध्यान
The Hindu की एक रिपोर्ट के अनुसार, केरल की लिली जॉय बताती हैं कि मांसाहारी अचार बनाते समय सबसे जरूरी बात यह है कि उसमें पानी बिल्कुल नहीं जाना चाहिए। अगर जरा भी नमी रह गई, तो अचार जल्दी खराब हो सकता है। यही वजह है कि चिकन या मटन को मसालों में पकाने के बाद पूरी तरह ठंडा करके ही सूखे कांच के बर्तन में रखा जाता है।
अचार को हमेशा साफ और सूखे कांच के जार में रखना चाहिए। गीले चम्मच का इस्तेमाल करने से उसमें फफूंदी या खराब गंध आने का खतरा बढ़ जाता है। अगर अचार को ठंडी और सूखी जगह पर या फ्रिज में रखा जाए, तो इसकी शेल्फ लाइफ और बढ़ सकती है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
चेन्नई के होम फूड एक्सपर्ट अब्राहम वर्गीज के अनुसार, सही मसाले और तेल के इस्तेमाल से कुछ अचार बिना फ्रिज के भी लंबे समय तक सुरक्षित रह सकते हैं। उनके मुताबिक, जैसे-जैसे अचार पुराना होता जाता है, उसका स्वाद और गहरा होता जाता है।
हालांकि, अगर अचार से अजीब गंध आने लगे, रंग बदल जाए या उसमें सफेद परत दिखाई देने लगे, तो उसे खाने से बचना चाहिए। सही तरीके से रखा गया चिकन या मटन का अचार लंबे समय तक अपना स्वाद और खुशबू बनाए रख सकता है।
