अक्सर लोग फैट का नाम सुनते ही उसे मोटापा, बीमारी और खराब हेल्थ से जोड़ देते हैं। लेकिन सच यह है कि शरीर में मौजूद हर तरह का फैट बुरा नहीं होता। कुछ फैट ऐसे भी होते हैं जो शरीर को गर्म रखने, एनर्जी देने और मेटाबॉलिज्म बेहतर करने में मदद करते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, असली खतरा सिर्फ फैट की मात्रा से नहीं बल्कि इस बात से जुड़ा होता है कि फैट शरीर में कहां जमा हो रहा है।


शरीर में कितने तरह का होता है फैट?

विशेषज्ञों के अनुसार शरीर में मुख्य रूप से White Fat, Brown Fat और Visceral Fat पाए जाते हैं। White Fat वह फैट होता है जो शरीर में अतिरिक्त कैलोरी को स्टोर करता है। यह पेट, कमर, जांघ और बाजुओं के आसपास जमा होता है। जरूरत से ज्यादा White Fat शरीर में जमा होने लगे तो मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और हार्ट डिजीज जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

वहीं Brown Fat शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है। यह फैट कैलोरी जलाकर शरीर को गर्म रखने का काम करता है। बच्चों में इसकी मात्रा ज्यादा होती है, जबकि बड़े लोगों में यह कम पाया जाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि Brown Fat एक्टिव रहने से शरीर की कैलोरी तेजी से बर्न होती है और वजन कंट्रोल में रखने में मदद मिल सकती है।


सबसे खतरनाक होता है पेट के अंदर जमा फैट

डॉक्टर्स बताते हैं कि पेट के अंदर अंगों के आसपास जमा होने वाला Visceral Fat सबसे ज्यादा खतरनाक होता है। यह बाहर से हमेशा दिखाई नहीं देता, लेकिन शरीर के अंदर धीरे धीरे नुकसान पहुंचाता रहता है। इसी वजह से कई बार पतले दिखने वाले लोग भी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं।

यह फैट हार्ट, लिवर और आंतों के आसपास जमा होकर शरीर में सूजन बढ़ा सकता है। इसके कारण टाइप-2 डायबिटीज, फैटी लिवर, हार्ट डिजीज और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।

फैट कहां जमा होगा, यह किन बातों पर निर्भर करता है?

हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक फैट का शरीर में जमा होना सिर्फ खाने पर निर्भर नहीं करता। इसमें उम्र, हार्मोन, तनाव, नींद, जेनेटिक्स और लाइफस्टाइल की भी बड़ी भूमिका होती है। पुरुषों में फैट अधिकतर पेट के आसपास जमा होता है, जबकि महिलाओं में जांघ और हिप्स के आसपास ज्यादा दिखता है।

क्या केवल वजन देखकर हेल्थ का


अंदाजा लगाना सही है?

विशेषज्ञ मानते हैं कि सिर्फ वजन देखकर किसी की फिटनेस तय नहीं की जा सकती। कई लोग सामान्य वजन के बावजूद शरीर में खतरनाक Visceral Fat जमा कर लेते हैं। इसलिए अब डॉक्टर सिर्फ वजन नहीं बल्कि Body Fat Distribution यानी फैट कहां जमा है, इस पर ज्यादा ध्यान देने की सलाह देते हैं।


कैसे कम करें खराब फैट?

डॉक्टर्स का कहना है कि नियमित एक्सरसाइज, पर्याप्त नींद, संतुलित डाइट और तनाव कम करना शरीर में जमा खतरनाक फैट को कम करने में मदद कर सकता है। रिसर्च में यह भी सामने आया है कि जो लोग नियमित रूप से एक्सरसाइज करते हैं, उनके शरीर का फैट ज्यादा हेल्दी तरीके से काम करता है।

विशेषज्ञों की मानें तो शरीर को पूरी तरह फैट-फ्री बनाने की कोशिश करने के बजाय हेल्दी फैट बैलेंस बनाए रखना ज्यादा जरूरी है, क्योंकि शरीर को सही तरीके से काम करने के लिए एक निश्चित मात्रा में फैट की जरूरत होती है।