IPL: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 46वें मुकाबले में रविवार को गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ एक सांसे रोक देने वाली जीत दर्ज की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात ने 1 गेंद शेष रहते पंजाब को 4 विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को और मजबूत कर लिया है।


जेसन होल्डर की घातक गेंदबाजी से लड़खड़ाई पंजाब

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रेयस अय्यर की पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (2) और कूपर कोनोली (0) सस्ते में पवेलियन लौट गए। कप्तान अय्यर (19) और नेहाल वढेरा (0) भी क्रीज पर टिकने में नाकाम रहे। एक समय पंजाब की टीम गहरे संकट में थी, लेकिन मिडिल ऑर्डर में सूर्यांश शेडगे और अनुभवी मार्कस स्टोइनिस ने पारी को संभाला।

सूर्यांश शेडगे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 29 गेंदों में 57 रन (3 चौके, 5 छक्के) बनाए। स्टोइनिस ने 40 रनों का अहम योगदान दिया। अंत में मार्को जेनसन की 11 गेंदों में 20 रनों की तेज पारी की बदौलत पंजाब ने 20 ओवर में 163/9 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। गुजरात की ओर से जेसन होल्डर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए।


साई सुदर्शन की सधी हुई शुरुआत और सुंदर का फिनिशिंग टच

164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को पहला झटका कप्तान शुभमन गिल (5) के रूप में जल्दी लगा। इसके बाद साई सुदर्शन और जोस बटलर (26) ने मोर्चा संभाला। सुदर्शन ने जिम्मेदारी से खेलते हुए 41 गेंदों में 57 रन बनाए और टीम को जीत की राह पर रखा।

मैच तब रोमांचक मोड़ पर पहुँच गया जब बीच के ओवर्स में गुजरात ने सुदर्शन और तेवतिया के विकेट जल्दी गंवा दिए। अंतिम ओवर्स में सारा दारोमदार वॉशिंगटन सुंदर पर था। सुंदर ने दबाव में अद्भुत धैर्य दिखाया और 23 गेंदों में नाबाद 40 रनों की पारी खेली। मैच की अंतिम दो गेंदों पर जीत के लिए 2 रनों की दरकार थी, सुंदर ने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जोरदार छक्का जड़कर अपनी टीम को यादगार जीत दिला दी।


मैच का नतीजा और प्लेयर ऑफ द मैच

अर्शदीप सिंह और वी. वैशाक ने 2-2 विकेट लेकर पंजाब को मैच में वापस लाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे सुंदर को रोकने में नाकाम रहे। जेसन होल्डर को उनकी शानदार गेंदबाजी (4 विकेट) और बल्लेबाजी में छोटे योगदान के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस अंक तालिका में ऊपर की ओर बढ़ गई है, जबकि पंजाब किंग्स जबकि पंजाब किंग्स अभी भी नंबर 1 पर बरक़रार है।