ब्रायन लारा क्रिकेट एकेडमी स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 90 रनों से हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज ने लगभग हाथ से निकल चुका मुकाबला अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान को जीत के लिए सिर्फ 211 रनों का लक्ष्य मिला था और माना जा रहा था कि बाबर आजम एंड टीम इसे आसानी से हासिल कर लेगी। हालांकि बाबर ने संघर्षपूर्ण पारी खेली और नाबाद रहे, लेकिन उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। पूरी पाकिस्तानी टीम 120 रन पर सिमट गई। आइए जानते हैं कि इस मुकाबले के बाद WTC 2025-27 की अंक तालिका में क्या बदलाव हुआ और भारत किस स्थान पर है।
WTC Points Table: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की दौड़ से बाहर हुआ पाकिस्तान? जानिए पॉइंट्स टेबल में कहां है भारतSource : Abp news.com
211 रन का लक्ष्य भी नहीं कर सका पार
211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह बिखर गए। एक छोर पर बाबर आजम डटे रहे, जबकि दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। आजान अवेस और इमाम उल हक ने 3-3 रन बनाए। सलमान अली आगा और आमिर जमाल अपना खाता भी नहीं खोल सके, जबकि मोहम्मद रिजवान 11 रन बनाकर आउट हो गए। पाकिस्तान का नौवां विकेट 71 रन पर गिर गया था। इसके बाद मोहम्मद अब्बास ने बाबर आजम के साथ नौवें विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर किसी तरह 100 के पार पहुंचाया। बाबर आजम ने 9 चौकों की मदद से नाबाद 58 रन बनाए।
पाकिस्तान की मुश्किलें हुईं और बढ़ीं
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में यह पाकिस्तान की चौथी हार है। टीम ने अब तक खेले 5 मुकाबलों में सिर्फ एक जीत दर्ज की है। 6.67 जीत प्रतिशत और 4 अंकों के साथ पाकिस्तान WTC अंक तालिका में सबसे आखिरी यानी नौवें स्थान पर है। ऐसे में पाकिस्तान की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म होती नजर आ रही हैं। वहीं वेस्टइंडीज ने भले यह मुकाबला जीत लिया हो, लेकिन उसके लिए भी फाइनल की राह आसान नहीं है। विंडीज ने इस चक्र में खेले 11 मैचों में से 7 गंवाए हैं और सिर्फ 2 मुकाबले जीते हैं। टीम फिलहाल अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।
अंक तालिका में भारत किस स्थान पर?
भारत ने WTC 2025-27 चक्र में अब तक 9 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 4 जीते, 4 हारे और एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। भारतीय टीम फिलहाल अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है।
ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका टॉप पर
अगर अंक तालिका की शीर्ष दो टीमों की बात करें तो डिफेंडिंग चैंपियन दक्षिण अफ्रीका दूसरे और पिछले संस्करण की रनर-अप ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया ने अब तक खेले 8 टेस्ट में 7 जीते और सिर्फ एक गंवाया है। वहीं दक्षिण अफ्रीका ने 4 में से 3 मुकाबले अपने नाम किए हैं। न्यूजीलैंड और बांग्लादेश क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर काबिज हैं।
