
विजय देवरकोंडा और मोहम्मद सिराजSource : Web Photo
टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज से लेकर टॉलीवुड के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और वेंकटेश तक कई बड़े नाम कानूनी विवाद में घिर गए हैं। तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TCA) ने इन सभी को कानूनी नोटिस जारी किया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इन सितारों को किस मामले में नोटिस भेजा गया है और क्या इस मामले में जेल जाने जैसी नौबत आ सकती है? आइए जानते हैं पूरा मामला।
किस मामले में जारी हुआ नोटिस?
न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि फिल्मी जगत और क्रिकेट जगत से जुड़े कुछ बड़े चेहरों को राज्य क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से कानूनी नोटिस भेजा गया है। आरोप है कि इन लोगों ने हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन की TG20 लीग का प्रचार किया, जबकि इस लीग को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से मंजूरी नहीं मिली है। इसके अलावा बिना अनुमति कॉर्पोरेट कंपनियों के साथ काम करने का भी आरोप लगाया गया है।
फिल्मी जगत से विजय देवरकोंडा और वेंकटेश का नाम इस मामले में शामिल है। वहीं क्रिकेट जगत से टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, बल्लेबाज तिलक वर्मा और पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायडू को भी कानूनी नोटिस भेजा गया है।
ANI की पोस्ट में कहा गया, तेलंगाना क्रिकेट एसोसिएशन ने अभिनेता विजय देवरकोंडा और वेंकटेश के साथ-साथ क्रिकेटर तिलक वर्मा, अंबाती रायडू और मोहम्मद सिराज को कानूनी नोटिस जारी किए हैं।
आगे पोस्ट में कहा गया कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की मंजूरी के बिना कॉर्पोरेट कंपनियों के साथ काम कर रहा है। इसके अलावा हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन की TG20 लीग का प्रचार करना, जिसे BCCI से आधिकारिक स्वीकृति नहीं मिली है, नियमों का उल्लंघन माना गया है।
NoticeSource : Twitter (X)
क्या होगी जेल?
फिलहाल इस मामले को लेकर किसी भी अभिनेता या क्रिकेटर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इसमें क्या कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आई है कि नोटिस मिलने के कारण इन सितारों को जेल जाना पड़ेगा। फिलहाल यह सिर्फ कानूनी नोटिस का मामला है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि संबंधित सितारे इस नोटिस का क्या जवाब देते हैं और आने वाले दिनों में इस मामले में क्या नया मोड़ सामने आता है।

