जंतर-मंतर पर खाना खिलाने वाले मोहम्मद जुनैद
नई दिल्ली/मेरठ: जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच प्रदर्शनकारियों को भोजन और पानी उपलब्ध कराने वाले वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद को लेकर नया विवाद सामने आया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने जुनैद के घर पर छापेमारी कर उनके परिवार के सदस्यों को हिरासत में लिया है। पार्टी का आरोप है कि पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय आंदोलन से जुड़े लोगों और उनके परिवारों को निशाना बना रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
CJP का आरोप- परिवार को परेशान किया जा रहा, हर कार्रवाई को देंगे कानूनी चुनौती
CJP ने बयान जारी कर कहा कि मोहम्मद जुनैद पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन और पीने के पानी की व्यवस्था कर रहे हैं, लेकिन अब उनके परिवार को परेशान किया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि यूपी पुलिस ने जुनैद के पिता और नाबालिग भाई को हिरासत में लिया है, जबकि मेरठ में उनकी बहन के ससुर और देवर को भी पूछताछ के लिए ले जाया गया। CJP ने कहा कि उनकी कानूनी टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और यदि किसी तरह की गैरकानूनी कार्रवाई हुई है तो उसे अदालत में चुनौती दी जाएगी। पार्टी ने यह भी कहा कि वह अपने किसी भी कार्यकर्ता या उसके परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगी।
मोहम्मद जुनैद ने भी लगाए आरोप, पुलिस की ओर से नहीं आया आधिकारिक बयान
मोहम्मद जुनैद ने दावा किया कि पुलिस उनके घर पहुंची और उनके पिता को अपने साथ ले गई। उनका आरोप है कि परिवार के अन्य सदस्यों के दस्तावेज भी जब्त किए गए और पुलिस ने उनसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। जुनैद का कहना है कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया, बल्कि वे केवल जंतर-मंतर पर आंदोलनकारियों की सेवा करते हुए उन्हें भोजन और पानी उपलब्ध करा रहे हैं। इस बीच छात्र नेताओं और CJP से जुड़े लोगों ने भी इस कथित कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे आंदोलन से जुड़े लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश बताया है। वहीं, इस पूरे मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।
