EXCLUSIVE: 'इंग्लैंड-आयरलैंड से हार पर टीम मैनेजमेंट से जवाब मांगे BCCI', मोहम्मद कैफ ने उठाए बड़े सवाल | Source: Abp news.comभारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर भारतीय क्रिकेट टीम के हालिया प्रदर्शन को लेकर कई अहम सवाल उठाए हैं। कैफ का मानना है कि इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ मिली हार के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को टीम मैनेजमेंट से जवाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ हार को स्वीकार कर आगे बढ़ जाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी जानना जरूरी है कि आखिर टीम किन कारणों से मुकाबले हार रही है।

EXCLUSIVE: 'इंग्लैंड-आयरलैंड से हार पर टीम मैनेजमेंट से जवाब मांगे BCCI', मोहम्मद कैफ ने उठाए बड़े सवालSource : Abp news.com

हार पर जवाबदेही तय होनी चाहिए

मोहम्मद कैफ ने कहा कि बोर्ड को टीम मैनेजमेंट से यह सवाल करना चाहिए कि इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ भारत की हार की वजह क्या रही। उनके मुताबिक हार की समीक्षा करना और गलतियों से सीख लेना किसी भी सफल टीम की पहचान होती है। यदि जवाबदेही तय नहीं होगी तो भविष्य में भी ऐसी गलतियां दोहराई जा सकती हैं।

कुलदीप यादव को बाहर रखने पर सवाल

कैफ ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए आखिरी वनडे में कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उनका मानना है कि जिस तरह की पिच थी, वहां स्पिन गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम थी। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड अपनी रणनीति में स्पिन और धीमी गेंदबाजी पर भरोसा कर रहा था। सैम करन भी गति में बदलाव कर बल्लेबाजों को परेशान कर रहे थे। ऐसे में यदि कुलदीप यादव जैसे कलाई के स्पिनर को मौका मिलता तो भारत के पास मैच और सीरीज जीतने का बेहतर मौका हो सकता था।

रोहित के भविष्य पर क्या बोले?

रोहित शर्मा के भविष्य पर बोलते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा कि अनुभवी बल्लेबाज ने अपनी तरफ से मजबूत संदेश दे दिया है। लॉर्ड्स में शतक लगाकर उन्होंने साबित किया कि उनमें अभी भी बड़े मंच पर प्रदर्शन करने की क्षमता है। कैफ के अनुसार, रोहित शर्मा 2027 वनडे विश्व कप खेलना चाहते हैं और उन्होंने साफ कर दिया है कि वह खुद संन्यास लेने वाले नहीं हैं। अब फैसला चयनकर्ताओं के हाथ में है। यदि उन्हें टीम से बाहर करना है तो यह जिम्मेदारी सेलेक्टर्स की होगी।

हालांकि कैफ ने यह भी कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उनके मुताबिक फिलहाल "वेट एंड वॉच" की स्थिति है और यह नहीं कहा जा सकता कि रोहित शर्मा निश्चित रूप से 2027 विश्व कप टीम का हिस्सा होंगे।

शुभमन गिल को दी खास सलाह

कैफ ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल को भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि गिल को सार्वजनिक रूप से यह कहना चाहिए कि 2027 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट के लिए टीम को रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की जरूरत है। कैफ का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता।

 तेज गेंदबाजी पर जताई चिंता

भारतीय तेज गेंदबाजी पर भी कैफ ने चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह के अलावा भारत के पास फिलहाल ऐसा कोई तेज गेंदबाज नजर नहीं आता जिस पर लंबे समय तक भरोसा किया जा सके। नए गेंदबाज लगातार चोटों से जूझ रहे हैं, जो टीम के लिए चिंता का विषय है।

इसी वजह से कैफ चाहते हैं कि अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को 2027 विश्व कप की तैयारियों की योजना में शामिल रखा जाए। उनका मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में शमी का अनुभव भारत के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

 वैभव को योजना में रखने की सलाह

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी मोहम्मद कैफ ने सकारात्मक राय रखी। उन्होंने कहा कि वैभव एक स्पेशल टैलेंट हैं। हालांकि उन्हें 2027 विश्व कप टीम का तत्काल दावेदार नहीं माना जा सकता, लेकिन उन्हें वनडे क्रिकेट की लंबी योजना (Scheme of Things) में जरूर शामिल किया जाना चाहिए ताकि भविष्य के लिए उन्हें तैयार किया जा सके।