इंडियन क्रिकेट टीम | Source: Live hindustanइंडियन क्रिकेट टीम Source : Live hindustan

IRE vs IND: आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में मिली ऐतिहासिक हार के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर सदागोपान रमेश ने टीम इंडिया के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने इस दौरे को बेहद हल्के में लिया और उसे लगा कि आयरलैंड सीरीज किसी पिकनिक टूर से कम नहीं होगी। रमेश ने इसे टीम इंडिया के लिए चौंकाने वाली और बेहद शर्मनाक हार करार दिया।

भारत और आयरलैंड के बीच बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में मेजबान टीम ने इतिहास रचते हुए टीम इंडिया को पहली बार किसी भी अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट में हरा दिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम को इस मुकाबले में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में संघर्ष करना पड़ा। शुरुआती ओवरों में भारत ने मुकाबले पर पकड़ जरूर बनाई थी, लेकिन आयरलैंड ने शानदार वापसी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया। इस हार के बाद पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज सदागोपान रमेश ने टीम इंडिया की जमकर आलोचना की और कहा कि खिलाड़ियों ने मुकाबले को गंभीरता से नहीं लिया।

आयरलैंड सीरीज को पिकनिक टूर समझ बैठी टीम इंडिया

अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए सदागोपान रमेश ने आयरलैंड की टीम की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मेजबान टीम ने बड़े बाउंड्री का शानदार इस्तेमाल किया और लगातार शॉर्ट गेंदों से भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा ली। रमेश के मुताबिक, आयरलैंड ने अपनी रणनीति पर पूरी तरह अमल किया, जबकि भारतीय टीम मुकाबले को हल्के में लेती नजर आई।

उन्होंने कहा, आयरलैंड की तारीफ करनी होगी। उन्होंने बड़े बाउंड्री का पूरा फायदा उठाया और शॉर्ट गेंदों से भारतीय बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। साफ दिखाई दे रहा था कि भारत ने इस मैच को गंभीरता से नहीं लिया। खिलाड़ियों को लगा कि आयरलैंड सीरीज एक पिकनिक टूर है, जिसे वे आसानी से जीत लेंगे। उनकी पूरी तैयारी और फोकस सिर्फ इंग्लैंड सीरीज पर था। लेकिन आयरलैंड ने उन्हें बता दिया कि यह कोई पिकनिक स्पॉट नहीं, बल्कि कड़ी चुनौती देने वाली टीम है।

बहाने नहीं चलेंगे, यह बेहद शर्मनाक हार है

रमेश ने आगे कहा कि आयरलैंड दौरा मूल कार्यक्रम का हिस्सा भी नहीं था और इसे मुख्य सीरीज से पहले एक अतिरिक्त दौरे की तरह देखा गया। लेकिन भारतीय टीम की यही सोच उस पर भारी पड़ गई।

उन्होंने कहा, आयरलैंड सीरीज पहले से तय नहीं थी। यह मुख्य कार्यक्रम यानी इंग्लैंड सीरीज से पहले एक तरह का अतिरिक्त पड़ाव था। लेकिन यह बेहद शर्मनाक है कि भारत इस चुनौती को भी पार नहीं कर सका। चाहे कोई भी बहाना बनाया जाए, लेकिन यह टीम इंडिया के लिए बेहद चौंकाने वाली और बहुत बुरी हार है। ओवरकॉन्फिडेंस कभी भी अच्छा नहीं होता और इसी अति-आत्मविश्वास की वजह से भारत की कहानी पहले ही मुकाबले में खत्म हो गई। आत्मविश्वास होना अच्छी बात है, लेकिन जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास नुकसान पहुंचाता है।

चार महीने टी20 खेलने के बाद भी आयरलैंड से हारना समझ से बाहर

पूर्व क्रिकेटर ने भारतीय टीम की हालिया क्रिकेट यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने लगातार टी20 क्रिकेट खेला है, इसलिए ऐसी हार और भी ज्यादा हैरान करने वाली है।

उन्होंने कहा, कभी-कभी बड़े से बड़ा खिलाड़ी भी गलती कर सकता है, लेकिन आयरलैंड के खिलाफ इस तरह हारना वाकई चौंकाने वाला है। यह वही भारतीय टीम है जिसने अपना पिछला टी20 मुकाबला विश्व कप फाइनल में खेला था। उसके बाद एक महीने तक टी20 विश्व कप और फिर लगभग तीन महीने आईपीएल खेला गया। लगातार करीब चार महीने टी20 क्रिकेट खेलने के बावजूद आयरलैंड जैसी टीम से हार जाना बिल्कुल समझ से बाहर है।

इस हार के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और उनकी टीम पर दबाव काफी बढ़ गया है। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही और अभिषेक शर्मा ने महज 20 गेंदों में 49 रन की विस्फोटक पारी खेली। हालांकि इसके बाद पूरी बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया और टीम 18.5 ओवर में सिर्फ 148 रन पर सिमट गई। संजू सैमसन, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा जैसे प्रमुख बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, जिसका खामियाजा भारत को ऐतिहासिक हार के रूप में भुगतना पड़ा।