रामगोपाल यादव, सांसद, समाजवादी पार्टी. | Source: India Tv

रामगोपाल यादव, सांसद, समाजवादी पार्टी. Source : India Tv

नई दिल्ली: संसद परिसर में राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर किए गए प्रतीकात्मक प्रदर्शन पर अब विपक्ष के भीतर भी अलग-अलग राय सामने आने लगी है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सांसद राम गोपाल यादव ने निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के प्रदर्शन को गलत बताते हुए कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गड़बड़ी के मामले का संत समाज से कोई संबंध नहीं है और इस तरह का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए था। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राम मंदिर के चंदे से जुड़े मुद्दे को उनकी पार्टी संसद में जरूर उठाएगी।

राम गोपाल यादव बोले- संतों को विवाद में घसीटना ठीक नहीं

संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान राम गोपाल यादव ने कहा कि पप्पू यादव का प्रदर्शन उचित नहीं था। उनके मुताबिक, यदि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ा कोई मामला है तो उसका संत समाज से कोई लेना-देना नहीं है, इसलिए इस तरह का नाटक नहीं किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे को गंभीर मानती है और सदन के भीतर इस पर चर्चा की मांग करेगी।

संसद परिसर में दान पेटी लेकर किया गया था प्रदर्शन

31 जुलाई को संसद परिसर में विपक्षी सांसदों ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया था। इस दौरान पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दान पेटी लेकर संसद के ‘मकर द्वार’ के सामने बैठे थे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों ने प्रतीकात्मक रूप से दान पेटी में पैसे डाले, जिसके बाद पप्पू यादव ने उन्हें अपनी जेब में रखकर कथित चढ़ावा चोरी का संदेश देने की कोशिश की। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद बढ़ा विवाद, कई जगह दर्ज हुई शिकायत

इस प्रदर्शन के बाद भाजपा ने इसे सनातन संस्कृति और संत समाज का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने पार्टी नेताओं के साथ संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई, जबकि वाराणसी में भी राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद समेत अन्य नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उधर, पप्पू यादव ने अपने प्रदर्शन को सही ठहराया। इसी मुद्दे पर आयोजित उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन पर चप्पल फेंके जाने की घटना भी सामने आई, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।