
‘Parental Involvement in Academic Achievement of Secondary School Students’ में परिवार, विद्यालय और तकनीक के शैक्षिक समन्वय पर विशेष जोर
हैदराबाद। मौलाना आज़ाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी (MANUU) के शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग से जुड़े तीन शिक्षाविदों ने माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि में अभिभावकों की भूमिका और उनके योगदान पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण पुस्तक प्रकाशित की है। पुस्तक का शीर्षक ‘Parental Involvement in Academic Achievement of Secondary School Students’ है। इसके लेखक मुहम्मद अहमदुल्लाह अंसारी (पीएच.डी. शोधार्थी), डॉ. अफशा अब्दुल करीम (असिस्टेंट प्रोफेसर) और डॉ. शेख एहतेशामुद्दीन (असिस्टेंट प्रोफेसर), शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग, MANUU हैं।
यह पुस्तक वर्तमान शिक्षा व्यवस्था के एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहलू को रेखांकित करती है कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक सफलता केवल विद्यालय और शिक्षकों के प्रयासों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इसमें माता-पिता की सक्रिय भागीदारी भी निर्णायक भूमिका निभाती है। पुस्तक में अभिभावकों के शैक्षणिक मार्गदर्शन, भावनात्मक एवं सामाजिक सहयोग, घर के शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों के विद्यार्थियों की उपलब्धि पर पड़ने वाले प्रभावों का विश्लेषण किया गया है।
पुस्तक में इस बात पर भी विशेष बल दिया गया है कि लड़के और लड़कियों को समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। अभिभावकों की रुचि, सकारात्मक प्रोत्साहन, बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता और डिजिटल संसाधनों तक समान पहुंच विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
इस अवसर पर पुस्तक के सह-लेखक डॉ. शेख एहतेशामुद्दीन ने कहा, “किताबें सिर्फ पढ़ी नहीं जातीं, किताबें इंसान के भीतर एक नया इंसान पैदा करती हैं।” उन्होंने वर्तमान समय में सोशल मीडिया के नकारात्मक प्रभावों और बच्चों की पुस्तकों से बढ़ती दूरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों को दोबारा किताबों की दुनिया से जोड़ना उनका प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने आगे कहा, “शिक्षा का सबसे सुंदर रूप वह है, जो किसी बच्चे को खुद पर विश्वास करना सिखा दे। किताबें इसी मिशन को आगे बढ़ाती हैं।” उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक बच्चों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करने के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक बनाएगी।
इस अवसर पर प्रोफेसर अश्वनी जी ने भी पुस्तक की शैक्षिक सोच और उद्देश्य का स्वागत किया। वहीं, डॉ. तसनीम अहमद ने सभी लेखकों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इस शैक्षिक पहल को सराहनीय बताया।
निस्संदेह, यह पुस्तक केवल अभिभावकों की जिम्मेदारियों का परिचय नहीं देती, बल्कि परिवार और विद्यालय के बीच मजबूत शैक्षणिक साझेदारी की आवश्यकता को भी सामने लाती है। आज जब बच्चों के सामने डिजिटल विचलन, प्रतिस्पर्धा और बदलती सामाजिक परिस्थितियों जैसी अनेक चुनौतियां हैं, ऐसे समय में यह पुस्तक एक महत्वपूर्ण संदेश देती है कि बच्चे की सफलता का रास्ता केवल कक्षा से होकर नहीं, बल्कि घर के सहयोग, विश्वास, प्रोत्साहन और सकारात्मक वातावरण से भी होकर गुजरता है।
