5 लाख फॉलोअर्स वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स होंगे सेलिब्रिटी Source : ABP LIVE
अगर आपके सोशल मीडिया के किसी एक प्लेटफॉर्म पर 5 लाख या उससे अधिक फॉलोअर्स हैं, तो आने वाले समय में आपको भी सेलिब्रिटी माना जा सकता है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने विज्ञापन से जुड़े नियमों में बदलाव का एक नया ड्राफ्ट जारी किया है, जिसमें सेलिब्रिटी की परिभाषा को पहले से कहीं ज्यादा व्यापक बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। नए मसौदे में सिर्फ फिल्मी सितारों ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल क्रिएटर्स, खिलाड़ी, टीवी होस्ट, रियलिटी शो विजेता और AI अवतारों को भी शामिल करने की बात कही गई है।
अब 5 लाख फॉलोअर्स वालों को भी माना जाएगा सेलिब्रिटी, SEBI ने जारी किया नया ड्राफ्ट
सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स रखने वाले लोगों के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने एक अहम प्रस्ताव रखा है। विज्ञापन से जुड़े नियमों में बदलाव के लिए जारी नए ड्राफ्ट के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति के सोशल मीडिया के किसी एक प्लेटफॉर्म पर 5 लाख या उससे अधिक फॉलोअर्स या सब्सक्राइबर हैं, तो उसे विज्ञापन नियमों के तहत सेलिब्रिटी की श्रेणी में रखा जा सकता है।
SEBI के नए ड्राफ्ट में सेलिब्रिटी की परिभाषा को पहले के मुकाबले काफी व्यापक बनाया गया है। अब यह केवल फिल्मी सितारों तक सीमित नहीं रहेगी। प्रस्ताव के अनुसार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स, टीवी एंकर, खिलाड़ी, रियलिटी शो के विजेता और यहां तक कि AI से तैयार किए गए डिजिटल अवतारों को भी सेलिब्रिटी की श्रेणी में शामिल किया जा सकता है।
किन लोगों को मिलेगा सेलिब्रिटी का दर्जा?
SEBI के प्रस्ताव में किसी व्यक्ति या किरदार को सेलिब्रिटी मानने के लिए आठ अलग-अलग मानदंड तय किए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति इनमें से किसी एक भी शर्त को पूरा करता है, तो विज्ञापन नियमों के तहत उसे सेलिब्रिटी माना जा सकेगा।
ड्राफ्ट के मुताबिक, जो कलाकार टीवी सीरियल, टेलीविजन शो, फिल्मों या ओटीटी प्लेटफॉर्म की वेब सीरीज में मुख्य भूमिका निभाते हैं, वे भी इस श्रेणी में आएंगे। वहीं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर 5 लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाले इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को भी सेलिब्रिटी माना जा सकता है।
खिलाड़ियों, टीवी होस्ट और AI अवतारों को भी किया गया शामिल
SEBI के ड्राफ्ट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी सेलिब्रिटी की श्रेणी में शामिल करने का प्रस्ताव है। इसमें ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जैसे प्रमुख आयोजनों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी शामिल होंगे।
इसके अलावा, ऐसे टीवी होस्ट और एंकर जिन्होंने किसी शो के कम से कम एक सीजन या 10 एपिसोड होस्ट किए हों, उन्हें भी सेलिब्रिटी माना जा सकता है। क्विज शो, कुकिंग शो, कॉमेडी शो, डांस और सिंगिंग रियलिटी शो के होस्ट भी इस दायरे में आएंगे।
SEBI ने अपने मसौदे में इंसानों की तरह दिखने वाले AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित डिजिटल अवतारों को भी सेलिब्रिटी की श्रेणी में शामिल करने का प्रस्ताव रखा है। यह कदम डिजिटल और तकनीकी दुनिया में तेजी से बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
