erer | Source: ereपटना। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ से ठीक पहले बिहार के लिए केंद्र सरकार ने अपना खजाना खोल दिया है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने बिहार को विकास कार्यों और वित्तीय जरूरतों के लिए 10,845 करोड़ रुपये की अग्रिम किस्त (Tax Devolution) जारी कर राज्य को बड़ा तोहफा दिया है।

इस महत्वपूर्ण सहयोग की जानकारी बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) के जरिए साझा की।

पीएम मोदी और वित्त मंत्री का जताया आभार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "बिहार को बड़ी सौगात! दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार द्वारा बिहार को कर हस्तांतरण की अग्रिम किस्त के रूप में ₹10,845 करोड़ की राशि उपलब्ध कराई गई है।"

सीएम ने इस वित्तीय मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के ऐन वक्त पहले मिली यह राशि राज्य की तात्कालिक वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ चल रही बुनियादी विकास योजनाओं को गति देने में मील का पत्थर साबित होगी।

विकास परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस फंड से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं के सुचारू संचालन और बुनियादी ढांचे के निर्माण को बल मिलेगा। केंद्र और राज्य के साझा प्रयासों से बिहार 'विकसित और समृद्ध बिहार' के संकल्प को साकार करने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है।

त्योहारों को देखते समय से पहले जारी हुआ फंड आमतौर पर केंद्रीय करों में राज्यों की हिस्सेदारी की किस्त हर महीने की 10 तारीख को जारी की जाती है। लेकिन दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के मद्देनजर केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने समय से पहले ही 28 राज्यों के लिए कुल 1.09 लाख करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी है।

इस आवंटन में सबसे अधिक हिस्सा उत्तर प्रदेश को मिला है, जिसे 19,208 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। इसके तुरंत बाद दूसरे स्थान पर बिहार को 10,845 करोड़ रुपये की विशाल राशि प्राप्त हुई है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था और त्योहारी खुशियों में नया उत्साह भर गया है।