erer | Source: ereमुरादाबाद: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बाजार में रौनक बढ़ जाती है, लेकिन इस चमक-धमक के बीच एक ऐसा काला साया मंडरा रहा है जो आपकी जिंदगीभर की जमापूंजी को पलभर में साफ कर सकता है। अगर आपके भी स्मार्टफोन पर सस्ते सामान, बंपर लॉटरी या कैशबैक के मैसेज आ रहे हैं, तो सावधान हो जाइए! साइबर ठगों ने इस दिवाली लोगों को लूटने का एक ऐसा खतरनाक और नया जाल बिछाया है, जिसके बारे में जानकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी।

संदेशों और ऑफर्स के पीछे छिपा है खतरनाक जाल

आजकल हर कोई त्योहार पर ऑनलाइन शॉपिंग और सस्ते ऑफर्स की तलाश में रहता है। साइबर अपराधियों ने लोगों की इसी कमजोरी को अपना सबसे बड़ा हथियार बना लिया है। अब ठग फर्जी वेबसाइट या फोन कॉल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे आपके मोबाइल में सीधे सेंध लगाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। मुरादाबाद जिले में कई लोगों के मोबाइल पर ऐसे संदिग्ध और लुभावने संदेश धड़ल्ले से पहुंच रहे हैं, जिसकी शिकायतें अब साइबर सेल तक पहुँच चुकी हैं।

एक छोटी सी 'APK फाइल' कैसे बना देती है कंगाल?

ठगी का यह नया तरीका बेहद शातिर और चौंकाने वाला है। आपके फोन पर एक मैसेज आएगा जिसमें किसी बड़े ब्रांड का नाम लेकर सस्ते मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स या भारी डिस्काउंट का झांसा दिया जाएगा। इसके साथ ही एक लिंक या एपीके (APK) फाइल दी होगी।

जैसे ही आप लालच में आकर उस फाइल को अपने मोबाइल में डाउनलोड और इंस्टॉल करेंगे, वह ऐप आपके फोन की पूरी कंट्रोल अपने हाथ में ले लेगा। यह फाइल आपके कांटेक्ट लिस्ट, पर्सनल मैसेज, और सबसे अहम— आपके ओटीपी (OTP) तक पहुंच बना लेती है। इसके बाद ठगों को बैंक खाते से पैसे उड़ाने में एक सेकंड का भी समय नहीं लगता।

कूरियर और ई-कॉमर्स कंपनियों के नाम पर बड़ा फरेब

लोगों का भरोसा जीतने के लिए ये शातिर अपराधी खुद को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों, डिलीवरी या कूरियर सर्विस का कर्मचारी बताते हैं। वे ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं जिससे आपको लगे कि ये कोई सरकारी या अधिकृत ऑफर है। संदेशों में यह तक लिखा होता है कि "फलां व्यक्ति को इस ऑफर से दो हजार रुपये मिल चुके हैं, अब आपकी बारी है।" लोग जल्दीबाजी में बिना सोचे-समझे लिंक पर क्लिक कर बैठते हैं और यहीं से शुरू होती है बर्बादी की असली कहानी।

मुरादाबाद पुलिस और एसपी सिटी की सख्त चेतावनी

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने जनता के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन में इस तरह के मामलों की कई शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि आपके पास ऐसा कोई भी संदिग्ध संदेश आता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।

एसपी सिटी ने अपील की है कि लोग किसी भी अनजान नंबर या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल करें। जरा सी लापरवाही आपकी निजी जानकारियों और बैंक खातों को सीधे साइबर अपराधियों के हवाले कर सकती है।

इस दिवाली खुद को और अपने परिवार को ऐसे बचाएं (सुरक्षा टिप्स):

  • अंजाने लिंक से दूरी बनाएं: किसी भी अनजान नंबर से आए लॉटरी, कैशबैक या बंपर छूट वाले मैसेज पर भूलकर भी क्लिक न करें।
  • कभी डाउनलोड न करें APK फाइलें: व्हाट्सएप या किसी अन्य जरिए से आई एपीके फाइलों को अपने फोन में इंस्टॉल करने से बचें।
  • केवल ऑफिशियल प्ले स्टोर का इस्तेमाल करें: कोई भी एप हमेशा गूगल प्ले स्टोर या एप्पल एप स्टोर से ही डाउनलोड करें।
  • परमिश्रण (Permissions) चेक करें: ऐप इंस्टॉल करते समय वह क्या-क्या एक्सेस मांग रहा है (जैसे कांटेक्ट या एसएमएस), इसकी जांच जरूर करें।
  • तुरंत करें शिकायत: यदि कोई संदिग्ध संदेश मिले तो उसे तुरंत ब्लॉक करें और इसकी सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल को दें।

त्योहार खुशियां बांटने के लिए होता है, लेकिन एक सेकंड की जल्दबाजी आपकी इस दिवाली को हमेशा के लिए फीका कर सकती है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें!