पूर्वोत्तर राज्य असम में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं और गिनती के दिन बचे हैं। इसी बीच राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। सरमा ने कहा कि जब कांग्रेस असम में सत्ता में थी, तब उन्हें मुख्यमंत्री पद पर प्रमोट किए जाने की बात चल रही थी। उनका दावा है कि साल 2014 में उस समय की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनसे शपथ ग्रहण की तारीख तय करने को कहा था।

हालांकि, सरमा के अनुसार बाद में राहुल गांधी के हस्तक्षेप के कारण यह फैसला रुक गया। उन्होंने कहा कि उन्हें उस समय दुख हुआ था। असम के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वे आज भी सोनिया गांधी को ‘मैडम’ कहते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने उस समय कहा था कि जून 2014 में कामाख्या मंदिर में अंबुबाची मेले के बाद शपथ लेंगे। सरमा ने यह भी कहा कि अब उन्हें लगता है कि जीवन में जो कुछ भी होता है, अच्छे के लिए होता है। उनके अनुसार, बीजेपी में आने के बाद उन्हें असम और सनातन धर्म की सेवा करने का अवसर मिला, जो कांग्रेस में रहकर संभव नहीं।