दुनिया में कुछ ऐसे इलाके हैं जहां 100 साल की उम्र पार करना कोई असाधारण बात नहीं मानी जाती। इन जगहों पर रहने वाले लोग न सिर्फ लंबी उम्र जीते हैं, बल्कि बढ़ती उम्र में भी काफी फिट, सक्रिय और स्वस्थ बने रहते हैं। वैज्ञानिक इन खास क्षेत्रों को "ब्लू जोन्स" के नाम से जानते हैं। इस अवधारणा को दुनिया के सामने लाने का श्रेय अमेरिकी लेखक और शोधकर्ता डैन ब्यूटनर को दिया जाता है, जिन्होंने दुनिया भर में ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जहां सामान्य आबादी की तुलना में कहीं अधिक लोग 90 और 100 वर्ष से ज्यादा उम्र तक जीवित रहते हैं। इन इलाकों में जापान का ओकिनावा, ग्रीस का इकारिया, इटली का सार्डिनिया और कोस्टा रिका का निकोया पेनिन्सुला शामिल हैं। माना जाता है कि यहां के लोगों की जीवनशैली, खानपान और सोच उन्हें लंबी और बेहतर जिंदगी जीने में मदद करती है।
लंबी उम्र का राज क्या है?
ब्लू जोन्स में रहने वाले लोगों की सबसे खास आदत उनका खानपान और जीवन जीने का तरीका है। यहां एक खास "80 प्रतिशत नियम" का पालन किया जाता है, यानी लोग कभी भी पेट भरकर नहीं खाते और जैसे ही महसूस होता है कि पेट लगभग 80 प्रतिशत भर चुका है, वे भोजन बंद कर देते हैं। इसके अलावा रात का खाना हल्का और आसानी से पचने वाला होता है, जिससे पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता। दोपहर में थोड़ी देर आराम या छोटी नींद लेना भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। यही नहीं, ये लोग जिम में घंटों बिताने के बजाय प्राकृतिक तरीके से सक्रिय रहते हैं। पैदल चलना, खेती-बाड़ी करना, तैराकी, पहाड़ों पर चढ़ना और रोजमर्रा के शारीरिक काम उनके जीवन का हिस्सा होते हैं, जो उन्हें बढ़ती उम्र में भी चुस्त-दुरुस्त बनाए रखते हैं।
इन जगहों के लोग आखिर खाते क्या हैं?
ग्रीस के इकारिया द्वीप के लोग मुख्य रूप से मेडिटरेनियन डाइट का पालन करते हैं, जिसमें हरी पत्तेदार सब्जियां, फल, दालें और ऑलिव ऑयल प्रमुख रूप से शामिल होते हैं, जबकि लाल मांस का सेवन बहुत कम किया जाता है। कोस्टा रिका के निकोया पेनिन्सुला में रहने वाले लोगों के भोजन में बीन्स और मक्के से बने खाद्य पदार्थ प्रमुख हैं, वहीं वे नियमित रूप से लंबी दूरी तक पैदल भी चलते हैं। जापान के ओकिनावा में लोग शकरकंद, सोयाबीन से बने उत्पाद, हल्दी और हरी सब्जियों का अधिक सेवन करते हैं। दूसरी ओर इटली के सार्डिनिया क्षेत्र के लोग पहाड़ी इलाकों में रहने के कारण काफी शारीरिक श्रम करते हैं और उनका जीवन बेहद सक्रिय होता है। इन सभी क्षेत्रों में एक समान बात यह है कि लोग ताजा, प्राकृतिक और कम प्रोसेस्ड भोजन को प्राथमिकता देते हैं।
सिर्फ खानपान नहीं, सोच भी है अहम
विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी उम्र का राज केवल भोजन में नहीं छिपा है। मजबूत सामाजिक रिश्ते, तनाव से दूरी, जीवन का स्पष्ट उद्देश्य और सकारात्मक सोच भी उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कोस्टा रिका में "प्लान डे विदा" जैसे जीवन दर्शन को अपनाया जाता है, जिसका अर्थ है अपने जीवन के उद्देश्य को समझना और उसी के अनुसार जीना। यही वजह है कि ब्लू जोन्स के लोग बढ़ती उम्र में भी स्वस्थ, सक्रिय और खुशहाल जीवन जीते हैं। उनकी जीवनशैली यह साबित करती है कि लंबी उम्र किसी चमत्कार का परिणाम नहीं, बल्कि अच्छी आदतों, संतुलित खानपान और सकारात्मक सोच का नतीजा होती है।
