अक्सर पेट दर्द को लोग गैस, बदहजमी या सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं.कई लोग दर्द की गोली खाकर आराम मिलने का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन हर बार ऐसा करना सुरक्षित नहीं होता. कई बार अचानक शुरू हुआ तेज पेट दर्द शरीर के अंदर किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है. अगर दर्द के साथ उल्टी, बुखार, पेट फूलना, खून आना या तेजी से वजन घटना जैसे लक्षण हों, तो बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। समय पर जांच और इलाज गंभीर जटिलताओं से बचा सकता है।

Source : Pexel
हर पेट दर्द की वजह हमेशा गैस या बदहजमी नहीं होता
अमृता हॉस्पिटल, फरीदाबाद की डॉक्टर जया अग्रवाल बताती हैं कि हर पेट दर्द गैस या बदहजमी की वजह से नहीं होता। अगर पेट में बहुत तेज दर्द हो रहा हो या बार-बार दर्द उठ रहा हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टर के मुताबिक, यदि दर्द के साथ उल्टी हो रही हो, उल्टी जैसा महसूस हो रहा हो, दर्द पीठ की तरफ जा रहा हो या पेट के निचले हिस्से तक फैल रहा हो, तो तुरंत चिकित्सकीय मदद लेनी चाहिए।
अचानक पेट दर्द के पीछे हो सकती है गंभीर बीमारियां
डॉ. जया अग्रवाल का कहना है कि अचानक होने वाले पेट दर्द के पीछे कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैंपित्त की थैली में पथरी, अग्न्याशय (पैंक्रियाज) में सूजन, आंत में रुकावट या आंत फटने जैसी गंभीर स्थितियां हो सकती हैं। समय पर इलाज न मिलने पर मरीज की हालत तेजी से बिगड़ सकती है। इसलिए असहनीय पेट दर्द को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इन लक्षणों को ना करें बिल्कुल नजरअंदाज
डॉ. जया अग्रवाल बताती हैं कि अगर दर्द अचानक बहुत तेज हो जाए, लगातार बना रहे या बार-बार उठे, तो इसे चिकित्सकीय आपात स्थिति माना जाना चाहिए। तेज बुखार, लगातार उल्टी, पेट का असामान्य रूप से फूलना या चलने-फिरने में दिक्कत जैसे लक्षण भी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकते हैं।वहीं बिना किसी कोशिश के वजन कम होना, भूख कम लगना, उल्टी में खून आना या मल का रंग काला होना भी ऐसी स्थितियां हैं, जिनमें तुरंत अस्पताल पहुंचकर जांच करानी चाहिए।
डॉक्टर की सलाह के बिना दर्द की दवा न खाएं
डॉ. जया अग्रवाल बताती हैं कि बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द की दवा खाकर घर पर इंतजार करना कई बार खतरनाक साबित हो सकता है.लेकिन इससे असली बीमारी छिप सकती है और इलाज में देरी हो सकती है। अगर पेट दर्द बार-बार हो रहा है, तो खुद दवा लेने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
