शायना जमील
रामपुर, 20 जनवरी 2026: श्रम संसाधन विभाग, कैमूर के अंतर्गत श्रम अधीक्षक द्वारा गठित बाल श्रम विमुक्ति हेतु धावादल ने रामपुर प्रखंड के विभिन्न ईंट भट्टों का निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मचट थाना क्षेत्र स्थित SNB ईंट भट्ठा से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया, जो उत्तर प्रदेश के जालौन जिले का निवासी है।
विमुक्त बाल श्रमिक को जिला बाल कल्याण समिति, कैमूर के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं दोषी नियोजक के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही, दोषी नियोजक से ₹20,000 की वसूली की जाएगी तथा न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, 1948 के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
श्रम अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकार के धावादल नियमित रूप से जिले में संचालित किए जाते हैं और ईंट भट्टों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। धावादल का नेतृत्व सुश्री सोनाली चंद्रा, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, रामपुर द्वारा किया गया।
