
बेंगलुरु की पत्थर खदान में चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की मौत।Source : Social media
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बेंगलुरु दक्षिण तालुक स्थित एक स्टोन क्वारी में काम के दौरान अचानक एक विशाल चट्टान टूटकर मजदूरों पर गिर गई। हादसे में अब तक सात मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि छह मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। आशंका है कि कुछ अन्य श्रमिक अब भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में जुटे हैं।
काम के दौरान अचानक टूटी विशाल चट्टान
पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे बेंगलुरु दक्षिण तालुक के कावेरी जेली क्रशर में हुआ। उस समय मजदूर रोज की तरह खदान में मशीनों के साथ पत्थर तोड़ने का काम कर रहे थे। इसी दौरान एक बड़ी चट्टान अचानक टूटकर सीधे कार्यस्थल पर आ गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को संभलने या वहां से निकलने का मौका तक नहीं मिला।
7 मजदूरों की मौत, 6 घायल
हादसे में सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं, क्योंकि आशंका है कि कुछ और मजदूर अभी भी उसके नीचे दबे हो सकते हैं।
बिहार और कर्नाटक के थे अधिकांश मजदूर
पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय खदान में करीब 15 से 20 मजदूर मौजूद थे। इनमें अधिकांश श्रमिक बिहार और कर्नाटक के यादगीर जिले के रहने वाले प्रवासी मजदूर थे। सभी मजदूर दिहाड़ी पर काम करते थे और खदान के पास बने अस्थायी ठिकानों में रह रहे थे।
सरकार ने मांगी हादसे की रिपोर्ट
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि सरकार ने इस हादसे की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि पुलिस और खान एवं भू-विज्ञान विभाग की टीमें मौके का निरीक्षण कर रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि खदान कानूनी रूप से संचालित हो रही थी या नहीं और वहां सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
मुआवजे पर सरकार का बयान
डी.के. शिवकुमार ने कहा कि मृतकों के परिजनों को मुआवजा जरूर दिया जाएगा, लेकिन पहले हादसे से जुड़ी सभी जानकारी स्पष्ट होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
खदान मालिक से पूछताछ, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि जिस खदान में हादसा हुआ, वह आनंदस्वामी नामक व्यक्ति की है। उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
