केस्टोपुर में तालाब में गिरी कार, महिला की मौत। | Source: Chrome

केस्टोपुर में तालाब में गिरी कार, महिला की मौत।Source : Chrome

कोलकाता के केस्टोपुर इलाके में ड्राइविंग सीखने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। 42 वर्षीय सुमित्रा दास की कार अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। कार पूरी तरह पानी में डूब गई और महिला की जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस और दमकल की टीम ने करीब एक घंटे से ज्यादा चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को बाहर निकाला।

बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद निकली थीं ड्राइविंग सीखने

घटना प्रफुल्ल कानन इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सुमित्रा अपनी बेटी को स्कूटर से स्कूल छोड़कर घर लौटी थीं। इसके बाद उन्होंने स्कूटर खड़ा किया और गैराज से हुंडई ईऑन कार निकालकर ड्राइविंग की प्रैक्टिस के लिए निकल गईं।इसी दौरान कार अचानक बेकाबू हो गई और पास के तालाब में जा गिरी। देखते ही देखते कार पानी में पूरी तरह डूब गई। आसपास मौजूद लोगों ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका।

एक घंटे से ज्यादा चला बचाव अभियान

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला गया। वाहन के अंदर सुमित्रा का शव मिला, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार के अंदर महिला की स्थिति से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की होगी। हालांकि, हादसे के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

22 अगस्त को होना था ड्राइविंग टेस्ट

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुमित्रा ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट की तैयारी कर रही थीं। उनका टेस्ट 22 अगस्त को होना था, इसलिए वह कार चलाने का अभ्यास कर रही थीं।प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि ड्राइविंग के दौरान ब्रेक की जगह गलती से एक्सीलेरेटर दब गया। इससे कार अचानक तेज हुई और नियंत्रण से बाहर होकर तालाब में जा गिरी।

पुलिस ने शुरू की जांच

सुमित्रा के पति कृष्णेंदु दास ने हाल ही में कार खरीदी थी। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की परिस्थितियों और कार के तालाब में गिरने की वजह को लेकर घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।