बिहार में नई सरकार के गठन के बाद अब नीतीश कुमार सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। 20 नवंबर 2025 को बिहार में नई सरकार बनी थी और उसी दिन नीतीश कुमार ने दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब मकर संक्रांति के बाद जनवरी में मंत्रिमंडल विस्तार होने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार जनवरी के तीसरे या चौथे सप्ताह में बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। इसको लेकर एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सहमति बन गई है। भाजपा और जदयू नेतृत्व के बीच मंत्रिपरिषद विस्तार को लेकर बातचीत पूरी हो चुकी है।

फिलहाल नीतीश मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 26 मंत्री हैं, जबकि बिहार में अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। यानी अभी लगभग 10 पद खाली हैं। इन खाली पदों को भरने के लिए मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। माना जा रहा है कि जदयू कोटे से 6 और भाजपा कोटे से 4 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। इस विस्तार में नए और पुराने चेहरों को संतुलित तरीके से जगह मिलने की संभावना है। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।