सबा फिरदौस

सिंगूर की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल का विकास तभी संभव है जब राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। उनका कहना था कि यह काम केवल भाजपा की सरकार ही कर सकती है।

पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह बिहार में “जंगलराज” खत्म हुआ, उसी तरह अब बंगाल भी “महाजंगलराज” से मुक्ति चाहता है। उन्होंने लोगों से बदलाव के लिए आगे आने की अपील की और कहा कि बंगाल में प्रतिभा और संसाधनों की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो सिर्फ ईमानदार और विकासशील सरकार की।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार केंद्र की योजनाओं में बाधा डाल रही है, जिससे आम लोग, किसान, मछुआरे और युवा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के बेहतर भविष्य के लिए राज्य में बदलाव जरूरी है।