यश और कियारा आडवाणी स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स’ एक बार फिर चर्चा में है. इस बार फिल्म को लेकर एक नया विवाद सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के कुछ बोल्ड और इंटीमेट सीन्स देखने के बाद कियारा आडवाणी ने उनमें बदलाव करने की मांग की है.
कियारा आडवाणी ने क्या कहा?
Gulte की रिपोर्ट के अनुसार, जब फिल्म के बोल्ड सीन्स शूट किए गए थे, तब कियारा को भरोसा दिलाया गया था कि शूटिंग पूरी तरह उनके कंफर्ट को ध्यान में रखकर की जाएगी. हालांकि, बाद में जब उन्होंने इन सीन्स को स्क्रीन पर देखा, तो उनका विचार बदल गया.
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कियारा को लगा कि कुछ सीन्स को अलग तरीके से दिखाया जा सकता है. इसके बाद उन्होंने अपनी बात अभिनेता यश और फिल्म की डायरेक्टर गीता मोहनदास के सामने रखी.
मेकर्स से की एडिटिंग की मांग
इंडस्ट्री से जुड़े कुछ सूत्रों का कहना है कि कियारा ने मेकर्स से कुछ इंटीमेट सीन्स को कम करने या एडिटिंग के जरिए उनकी बोल्डनेस घटाने की मांग की है. हालांकि, इन दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिल्म की टीम, यश, कियारा आडवाणी या डायरेक्टर गीता मोहनदास की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई बयान जारी नहीं किया गया है.
फिल्म की रिलीज डेट भी टली
बता दें कि यह फिल्म पहले 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट बदलकर 4 जून कर दी गई. अब खबर है कि फिल्म की रिलीज फिर से टाल दी गई है और नई तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है.
फिल्म में नजर आएंगे कई बड़े सितारे
फिल्म ‘टॉक्सिक’ में यश और कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी. फिल्म के पोस्टर्स और शुरुआती झलक ने पहले ही दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल फिल्म की टीम डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर्स को लेकर भी काम कर रही है, ताकि फिल्म ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंच सके.
