वाराणसी जिला अदालत में शुक्रवार सुबह एक ऐसी घटना हुई, जिसने वहां मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को हैरान कर दिया। एक अधेड़ उम्र की महिला कथित तौर पर कोर्टरूम में पहुंची, सीधे जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गई और खुद को डिस्ट्रिक्ट जज घोषित कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
जज की कुर्सी पर बैठकर बोलीं- 'आज मैं डिस्ट्रिक्ट जज हूं'
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला सबसे पहले कोर्ट स्टाफ से जज के आने का समय पूछती हुई नजर आई। इसके बाद वह सीधे मंच की ओर बढ़ी और जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गई। वहां बैठने के बाद महिला कथित तौर पर कोर्ट की कार्यवाही चलाने जैसी हरकतें करने लगी।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि महिला बार-बार मेज पर हाथ मारते हुए "ऑर्डर-ऑर्डर" चिल्ला रही थी और कह रही थी, "आज मैं डिस्ट्रिक्ट जज हूं, मेरे सामने गवाह और सबूत पेश किए जाएं।" बताया जा रहा है कि महिला ने जज की मेज पर रखी कुछ फाइलें भी देखीं, जिससे कोर्टरूम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विडियो देखने के लिए नीचे क्लिक करें
समझाने की कोशिश नाकाम, करीब एक घंटे तक चला हंगामा
कोर्ट कर्मचारियों और वकीलों ने महिला को कुर्सी छोड़ने के लिए कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से हटने को तैयार नहीं हुई। बताया जाता है कि जो भी उन्हें हटाने की कोशिश करता, वह उस पर नाराज हो जातीं और ऊंची आवाज में जवाब देतीं।
करीब एक घंटे तक चले इस हंगामे के कारण अदालत की सामान्य कार्यवाही प्रभावित हुई। स्थिति को संभालने के लिए कुछ समय के लिए कोर्टरूम का हिस्सा खाली भी कराया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के दौरान संबंधित अदालत के जज छुट्टी पर थे। सूचना मिलने के बाद कैंट थाने की पुलिस टीम, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं, मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद महिला को कोर्टरूम से बाहर ले जाया गया और पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या की आशंका
पुलिस के अनुसार शुरुआती पूछताछ में महिला के व्यवहार से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने के संकेत मिले हैं। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं कि आखिर महिला सुरक्षा जांच पार करके जज की कुर्सी तक कैसे पहुंच गई। यह भी जांच की जा रही है कि ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते उसे रोका क्यों नहीं।
कुछ स्थानीय वकीलों का दावा है कि महिला पहले भी इसी तरह की हरकत कर चुकी है। हालांकि इन दावों की पुष्टि फिलहाल जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और अदालत की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर रही है।

