दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) से मानवता को शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में एक लावारिस मरीज को स्ट्रेचर से ले जाने के बजाय अस्पताल का एक गार्ड हाथ पकड़कर जमीन पर घसीटता हुआ नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जमीन पर पड़ा था मरीज, गार्ड ने हाथ पकड़कर घसीटा
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अस्पताल परिसर में एक मरीज जमीन पर पड़ा हुआ है। इसी दौरान एक गार्ड उसका हाथ पकड़कर उसे जमीन पर खींचते हुए आगे ले जाता दिखाई देता है। मरीज की हालत काफी खराब नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि यह घटना 21 अगस्त की है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की व्यवस्था और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे।
अधीक्षक बोले- ऐसी तस्वीर सामने आने पर शर्मिंदा हूं
DMCH के अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल से ऐसी तस्वीर सामने आने पर वह शर्मिंदा हैं। प्रशासन के मुताबिक, मामला सामने आने के बाद मरीज को तत्काल इलाज उपलब्ध कराया गया। मरीज के पैर में फ्रैक्चर था, जिसका प्लास्टर किया गया है। उसे दवा और भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीज लावारिस है और फिलहाल अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं है। उसकी पहचान कराने के लिए पुलिस की मदद ली जा रही है। मरीज को ऑर्थो विभाग में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
गार्ड पर कार्रवाई, हेल्थ मैनेजर से मांगा जवाब
वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने संबंधित गार्ड की पहचान कर ली है। उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र भेजा गया है। साथ ही पूरे मामले को लेकर हेल्थ मैनेजर से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अधीक्षक ने साफ किया कि अस्पताल में स्ट्रेचर की कोई कमी नहीं है। उनके मुताबिक, गार्ड की लापरवाही और नासमझी के कारण मरीज को इस तरह घसीटकर ले जाया गया। अस्पताल प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को सख्त निर्देश देने की बात कही है।

