जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में 18 गेंदों पर विस्फोटक अर्धशतक जड़ने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने हाथों से 'A' बनाकर जश्न मनाया। उनका यह सेलिब्रेशन एक बार फिर चर्चा में है। जानिए आखिर इस खास अंदाज के पीछे की भावुक वजह क्या है।
Vaibhav Sooryavanshi Celebration: ऐतिहासिक फिफ्टी के बाद वैभव सूर्यवंशी ने क्यों बनाया 'A'? जानिए इस खास सेलिब्रेशन के पीछे की भावुक वजहSource : Abp news.com
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में शानदार अर्धशतक लगाने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने खास अंदाज में जश्न मनाया। उन्होंने दोनों हाथों से 'A' का निशान बनाया। 15 वर्षीय बल्लेबाज के अंतरराष्ट्रीय करियर का यह पहला अर्धशतक था, जो उनके चौथे मैच में आया। इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर लगातार तीन मुकाबलों में वह बड़ी पारी नहीं खेल सके थे और टीम से बाहर भी हो गए थे। इस यादगार पारी के दौरान वैभव ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। उनके इस सेलिब्रेशन की चर्चा पहली बार आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान हुई थी, जिसके बाद उन्होंने खुद इसकी वजह भी बताई थी।
वैभव सूर्यवंशी ने बताया था कि उनका यह खास सेलिब्रेशन उनकी मां को समर्पित है, जिनका नाम 'A' अक्षर से शुरू होता है। उनकी मां का नाम आरती है। वैभव ने कहा था, "यह सेलिब्रेशन मेरी मां के लिए है। उनका नाम 'A' से शुरू होता है, इसलिए मैं हर बड़ी पारी के बाद इसी तरह जश्न मनाता हूं।" उनके इस भावुक जवाब ने क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया था।
18 गेंदों में जड़ी तूफानी फिफ्टी
वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में सिर्फ 18 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। अपनी विस्फोटक पारी में उन्होंने 4 छक्के और 4 चौके लगाए। हालांकि अर्धशतक पूरा करने के बाद अगली ही गेंद पर वह कैच आउट हो गए। उनका विकेट रिचर्ड नगारवा ने लिया। वैभव फिलहाल भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं और इस पारी के साथ उन्होंने अपने नाम कई उपलब्धियां भी दर्ज कर लीं।
7 विकेट से जीता भारत
126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 23 रन के स्कोर पर अभिषेक शर्मा सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। उनके आउट होने के बाद ईशान किशन ने 35 रन, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 28 रन की पारी खेली। भारत ने यह लक्ष्य 14वें ओवर में हासिल करते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।
इससे पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्य रने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। मयंक यादव ने मैच की पहली ही गेंद पर ब्रायन बेनेट को आउट कर शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद प्रिंस यादव ने बेन करेन को पवेलियन भेजा। जिम्बाब्वे के शुरुआती 4 विकेट सिर्फ 32 रन पर गिर गए थे और कप्तान सिकंदर रजा भी केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए। निचले क्रम में रयान बर्ल (26), वेस्ले (39) और मरूमनि (27) की पारियों की बदौलत मेजबान टीम 125 रन तक पहुंच सकी। भारत की ओर से मयंक यादव और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट, जबकि शिवम दुबे और रवि बिश्नोई ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
