ere | Source: ereमुंबई: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन से जुड़े खुलासे समय-समय पर सामने आते रहते हैं। अब मशहूर अभिनेत्री और स्पिरिचुअल हीलर स्मिता जयकर ने सुशांत के जीवन के आखिरी दिनों से जुड़ा एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। स्मिता ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि जब सुशांत डिप्रेशन के इलाज के लिए मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती थे, तब वह उनसे मिलने और उन्हें हीलिंग देने अस्पताल गई थीं। उन्होंने यह भी बताया कि सुशांत की तत्कालीन पार्टनर रिया चक्रवर्ती ने उनसे संपर्क कर मदद मांगी थी।

रिया चक्रवर्ती के कहने पर अस्पताल पहुंची थीं स्मिता जयकर

एक इंटरव्यू के दौरान बातचीत करते हुए स्मिता जयकर ने बताया कि अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने उनके साथ फिल्म 'सोनाली केबल' में काम किया था। रिया को पता था कि स्मिता आध्यात्मिक उपचार (Spiritual Healing) से जुड़ी हैं, इसलिए सुशांत की तबीयत बिगड़ने पर रिया ने खुद उन्हें फोन करके मदद के लिए संपर्क किया था। स्मिता के मुताबिक, जब वह हिंदुजा अस्पताल में सुशांत से मिलने गईं, तो उस समय अभिनेता काफी सकारात्मक और खुश नजर आ रहे थे।

'काश वह आश्रम आ जाते, तो मैं उनकी मदद कर पाती'

स्मिता ने अफसोस जताते हुए कहा कि वह सुशांत को अपने आश्रम (शांतिक्षेत्र प्रेमगिरी आश्रम) ले जाने की योजना बना रही थी ताकि हीलिंग प्रोसेस में उनकी मदद की जा सके, लेकिन यह योजना पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने याद करते हुए बताया, "उस रात रिया का मेरे पास मैसेज आया, 'स्मिता, उनकी हालत फिर से बिगड़ रही है।' ऐसा कभी हो नहीं पाया, और काश वह आश्रम आ गए होते।" स्मिता ने यह भी कहा कि जब उन्हें सुशांत के निधन की खबर मिली तो उन्हें बहुत गहरा सदमा लगा था और उन्होंने सोचा था कि सुशांत ने उनसे दोबारा संपर्क क्यों नहीं किया, क्योंकि वह वाकई उनकी मदद करना चाहती थीं।

रिया चक्रवर्ती के समर्थन में बोलीं स्मिता, बताया 'बहुत प्यारी लड़की'

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनकी पार्टनर रहीं रिया चक्रवर्ती को सोशल मीडिया और जांच एजेंसियों की कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इस पर बात करते हुए स्मिता जयकर ने रिया का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि उस मुश्किल दौर में रिया सिर्फ सुशांत की मदद करना चाहती थीं और उन्हें बेवजह इन विवादों में घसीट लिया गया। स्मिता ने कहा कि जब उन्होंने रिया के साथ काम किया था, तब वह स्वभाव से बहुत ही प्यारी लड़की थीं।