R Ashwin on Vaibhav: 'वैभव को नीचा दिखाने का इरादा नहीं था', 'ड्रिंक्स सर्व' वाले बयान पर अश्विन की सफाई | Source: Abp news.comभारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज आर अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। उनकी 'ड्रिंक्स सर्व' वाली टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। अब अश्विन ने कहा है कि अगर वैभव सूर्यवंशी नहीं खेल रहे हैं तो टीम के साथ रहकर सीखना उनके लिए फायदेमंद होगा। उन्होंने साफ किया कि उनकी टिप्पणी का मकसद 15 वर्षीय खिलाड़ी का अपमान करना नहीं था, बल्कि यह बताना था कि बेंच पर बिताया गया समय भी एक युवा क्रिकेटर के विकास में अहम भूमिका निभाता है।

R Ashwin on Vaibhav: 'वैभव को नीचा दिखाने का इरादा नहीं था', 'ड्रिंक्स सर्व' वाले बयान पर अश्विन की सफाईSource : Abp news.com

बयान पर दी अपनी सफाई

भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से लिया गया। उन्होंने पहले कहा था कि अगर वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग इलेवन में नहीं हैं तो उन्हें टीम के साथियों को ड्रिंक्स सर्व करनी चाहिए। अब उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बात उन्होंने अपमानजनक अंदाज में नहीं कही थी। उन्होंने कहा, "मैंने पहले कहा था कि वैभव सूर्यवंशी समय बिता सकते हैं, किसी को ड्रिंक्स सर्व कर सकते हैं और बाहर बैठ सकते हैं। यह अपमानजनक तरीके से नहीं कहा गया था।"

सीखने की प्रक्रिया पर दिया जोर

अश्विन ने आगे कहा, "मेरा मतलब सिर्फ इतना था कि उसे सीखने के लिए बहुत कुछ मिलेगा। अगर वह बाहर बैठकर मैच को देखेगा और माहौल को समझेगा तो वह और बेहतर खिलाड़ी बनेगा। उसे ड्रॉप करने या टीम में लेने की बात मत कीजिए। उसे समय दीजिए, विकसित होने दीजिए। मुझे पूरा विश्वास है कि वह आगे चलकर एक शानदार खिलाड़ी बनेगा।"

इंग्लैंड दौरे पर नहीं चला बल्ला

वैभव सूर्यवंशी का इंग्लैंड दौरा उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। वहां तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने उन्हें काफी परेशान किया। खासतौर पर छोटी गेंदों के सामने उन्हें संघर्ष करना पड़ा और वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। हालांकि इसके बाद जिम्बाब्वे दौरे पर उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दो अर्धशतक लगाए और अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया।

करियर पर जल्द फैसला नहीं करें

अश्विन ने कहा कि मुकाबलों के दौरान ज्यादातर गेंदबाज वैभव सूर्यवंशी को लगातार परेशान करने में सफल नहीं रहे। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी के करियर को लेकर इतनी जल्दी निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए। उन्होंने कहा, "आपके हिसाब से शॉर्ट बॉल के खिलाफ सबसे मजबूत बल्लेबाज कौन है? रिकी पोंटिंग? क्या वह कभी शॉर्ट बॉल पर आउट नहीं हुए? वह भी हुए थे। हर खिलाड़ी की अपनी ताकत और कमजोरी होती है। इंटरनेशनल क्रिकेट में यह बिल्कुल सामान्य बात है। अपनी ताकत दिखाइए, कमजोरियों पर मेहनत कीजिए। ट्रेंट ब्रिज में उन्होंने जोफ्रा आर्चर का सामना कितनी बार किया? यह सब अनुभव का हिस्सा है। हम उनके करियर के खत्म होने की भविष्यवाणी नहीं कर सकते। किसी खिलाड़ी को इतनी जल्दी खारिज नहीं किया जाना चाहिए।"

उम्मीदों के बोझ पर भी बोले

अश्विन ने आगे कहा, "वह अभी सिर्फ एक छोटा बच्चा है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि हम उसे बहुत ऊंचे स्तर पर रख देते हैं। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद उससे हर मैच में विराट कोहली या रोहित शर्मा जैसा प्रदर्शन करने की उम्मीद की जाने लगी है। लेकिन असलियत यह है कि क्रिकेट और जिंदगी दोनों में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। हर खिलाड़ी के करियर में अच्छे और बुरे दौर आते हैं और यही खेल का हिस्सा है।"