बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के भाई और एक्टर सोहेल खान अक्सर अपनी फिल्मों, फिटनेस और स्टाइलिश लुक्स को लेकर चर्चा में रहते हैं। कई बार वह अपने वीडियोज की वजह से भी सुर्खियों में आ जाते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन पर भोजपुरी रंग चढ़ा हुआ नजर आ रहा है। वीडियो में सोहेल खान भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के सुपरहिट गाने लॉलीपॉप पर जबरदस्त अंदाज में डांस करते दिखाई दे रहे हैं।
पवन सिंह के गाने पर जमकर थिरके सोहेल खान
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि सोहेल खान किसी पार्टी या इवेंट में मौजूद हैं। इस दौरान बैकग्राउंड में पवन सिंह का सुपरहिट भोजपुरी गाना लॉलीपॉप बज रहा है, जिस पर अभिनेता पूरे जोश के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनका अंदाज काफी मस्तीभरा दिखाई दे रहा है। वह गाने की धुन पर झूमते हुए नजर आते हैं और ऐसा लगता है कि उन्होंने इस पल को पूरी तरह एंजॉय किया।
सोहेल खान का यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। खास बात यह रही कि वीडियो को देखने के बाद भोजपुरी संगीत के फैंस भी काफी खुश नजर आए। कई लोगों ने इसे भोजपुरी गानों की बढ़ती लोकप्रियता का उदाहरण बताया।
वीडियो पर फैंस ने दिए मजेदार रिएक्शन
वीडियो में सोहेल खान, पवन सिंह के गाने पर डांस करने में इतने मशगूल नजर आ रहे हैं कि फैंस भी खुद को प्रतिक्रिया देने से नहीं रोक पाए। वीडियो पर यूजर्स लगातार कमेंट कर रहे हैं और भोजपुरी पावरस्टार पवन सिंह की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, पावर खत्म ना होई। दूसरे यूजर ने लिखा, पवन सिंह नॉर्थ इंडिया का किंग। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, बॉलीवुड को भोजपुरी पर नचाने वाला एक ही है पावरस्टार। इसके अलावा भी कई लोगों ने पवन सिंह के गानों की लोकप्रियता और उनके स्टारडम की तारीफ करते हुए अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
बॉलीवुड में बढ़ता जा रहा भोजपुरी गानों का दबदबा
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब किसी बॉलीवुड स्टार को भोजपुरी गाने पर थिरकते देखा गया हो। इससे पहले भी कई बॉलीवुड सितारे भोजपुरी गानों की धुन पर झूमते नजर आ चुके हैं।
पवन सिंह ने इससे पहले बिग बॉस 19 के मंच पर सलमान खान को भी अपने गाने राजा जी के दिलवा पर डांस करने पर मजबूर कर दिया था। उस दौरान सलमान खान का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था और दर्शकों ने उसे खूब पसंद किया था।
इतना ही नहीं, पवन सिंह और खेसारी लाल यादव जैसे भोजपुरी कलाकार अब बॉलीवुड में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। दोनों कलाकार फिल्मों स्त्री 2 और सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी के गानों के जरिए बॉलीवुड दर्शकों के बीच अपनी पहचान बना चुके हैं।
वहीं, हाल ही में भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका अक्षरा सिंह ने अक्षय कुमार के साथ फिल्म वेलकम टू द जंगल में काम करके सुर्खियां बटोरी थीं। इसके अलावा फिल्म धमाल 4 में भोजपुरी का लोकप्रिय और पुराना हिट गाना फुलवरी बिना चटनी बैकग्राउंड स्कोर के तौर पर इस्तेमाल किया गया है।
इन उदाहरणों से साफ है कि इन दिनों बॉलीवुड में भोजपुरी गानों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। भोजपुरी कलाकारों और उनके गानों को न सिर्फ दर्शकों का प्यार मिल रहा है, बल्कि बॉलीवुड के बड़े सितारे भी अब इन गानों की धुन पर थिरकते हुए नजर आ रहे हैं।
